टिकैत ने 15 अगस्त को हरियाणा में जींद के किसानों द्वारा की ट्रैक्टर रैली का समर्थन किया

भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने स्वतंत्रता दिवस पर हरियाणा में जींद के किसानों द्वारा की गई ट्रैक्टर रैली का समर्थन किया है। टिकैत ने रविवार को कहा कि ट्रैक्टर रैली निकालना कोई बुरी बात नहीं है। जींद के लोग क्रांतिकारी हैं। उन्होंने 15 अगस्त को ट्रैक्टर परेड करने का सही फैसला लिया है। देखते हैं कि संयुक्त किसान मोर्चा आगे क्या फैसला करता है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, हापुड़ और अमरोहा के किसानों का जत्था दिल्ली आएगा और 15 अगस्त को सड़कों पर ट्रैक्टर परेड करेगा। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर परेड को राष्ट्रीय ध्वज के साथ देखना गर्व का क्षण होगा। इसे देशभक्ति की भावना और मजबूत होगी।

टिकैत का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ ही महीने पहले 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली की वजह से ही दिल्ली की सड़कों पर किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हुई थी। इस दौरान कुछ उपद्रवी ऐतिहासिक लाल किले में पहुंच गए थे और तिरंगे का अपमान किया था। इसके बाद टकराव और बढ़ गया था।

टिकैत ने हरियाणा सरकार से स्वतंत्रता दिवस पर जींद में किसानों को झंडा फहराने की अनुमति देने की मांग की। उन्होंने कहा, अगर जींद के क्रांतिकारी लोगों ने ठान लिया है कि वे मंत्रियों को अपने गांवों में तिरंगा नहीं फहराने देंगे, तो वे ऐसा ही करेंगे। ऐसे में मंत्री झंडा फहराकर क्या करेंगे? यह किसानों को करने दिया जाए।

यह भी पढ़ें-उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल बाढ़ से बचाव के लिए प्रदेश की सरकार को अभी से सजग होकर कदम उठाने चाहिए : मायावती