कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए हर व्यक्ति को अपने जीवन में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करना चाहिए : जोशी

प्रतापगढ़। आजादी के 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय फिट इंडिया फ्रीडम रन कार्यक्रम नेहरू युवा केंद्र संगठन और जिला प्रशासन के सहयोग से हुआ। कार्यक्रम नगर परिषद से शुरू किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद सीपी जोशी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर हमारे महान स्वाधीनता सेनानियों को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने कोरोना जैसी वैश्विक बीमारी का मुकाबला किया।

उसको पूरे विश्व ने सराहा है। हमारी महान संस्कृति के विचार और व्यवहार का अनुसरण आज पूरी दुनिया कर रही है। अभिवादन में हाथ मिलाने की जगह नमस्कार ने ले ली है। योग का अनुसरण विश्व के 193 देश कर रहे है, हाथ धोकर भोजन करना जैसे कई व्यवहार जो हमारी संस्कृति में रहे आज कोरोना के बाद लोगों के व्यवहार का हिस्सा बन रहा है। आज फिट इंडिया कार्यक्रम के आयोजन से सभी स्वस्थ रहे, स्वास्थ और इम्युनिटी को बढ़ाएं, इस मकसद से जन जन को प्रेरित किया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर रेणु जयपाल ने की। उन्होंने कहा कि देश को कोरोना की तीसरी लहर से बचने के किए हर व्यक्ति को अपने जीवन में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करना चाहिए और हर रोज आधा घंटा फिटनेस को देना चाहिए। अंत में अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखा कर फ्रीडम रन को रवाना किया, जो नगर परिषद से शुरू होकर किला परिसर राजकीय बालिका विद्यालय पर संपन्न हुई। समस्त प्रतिभागियों को अंत में कलेक्टर रेणु जयपाल द्वारा प्रस्तित पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में सीओ स्काउट एंड गाइड रेखा शर्मा, शिक्षा विभाग से शारीरिक शिक्षक, स्काउट एंड गाइड के अधिकारी, नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक आदि मौजूद रहे।

गांधीजी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया

कार्यक्रम की शुरुआत गांधीजी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर किया गया। नेहरू युवा केंद्र कि जिला युवा अधिकारी संतोष चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया और फिट इंडिया फ्रीडम रन की जानकारी दी। जिसमें उन्होंने बताया कि फिट इंडिया फ्रीडम रन के माध्यम से युवाओं द्वारा जन जन में फिटनेस का संदेश पहुंचाया जाएगा। यह कार्यक्रम देश में 744 जिलों में आयोजित हो रहा है। मुख्य अतिथि सांसद ने युवाओं को फिटनेस शपथ दिलाई और कार्यक्रम का संचालन एडीईओ सुधीर बोरा ने किया। अंत में आभार व्यक्त नेहरू युवा केंद्र उदयपुर के लेखाकार गोपाल वैष्णव ने किया।

यह भी पढ़ें-आइनॉक्स और पीवीआर में 200 बच्चों ने देखी हिंदी मूवी गांधी, राष्ट्रपिता के संघर्ष से ली प्रेरणा

Advertisement