ठंड ने छुड़ाई धूजणी, दिल्ली-एनसीआर में आज रही सीजन की सबसे ठंडी सुबह

नई दिल्ली। समूचा देश इनदिनों ठंड की चपेट में है। गुरुवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर में सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। गुरुवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया जो अब तक सबसे कम है। कई जगहों पर सीजन का पहला कोहरा भी देखा गया। वहीं अगर बुधवार रात की बात करें तो वह भी सीजन की सबसे ठंडी रात रही। बुधवार रात को न्यूनतम तापमान सात डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार तड़के दिल्ली में इस मौसम की सबसे ज्यादा ठंड पड़ी। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 7 डिग्री सेल्सियस पर रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली पहुंच रही हवाओं की दिशा तो पश्चिमी हिमालय की तरफ से ही रही, लेकिन दिन में धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को दिल्ली-एनसीआर का तापमान बढ़ेगा। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। शुक्रवार को उत्तर पश्चिमी भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इससे दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को हल्की बारिश की संभावना है। बर्फीली हवाओं की वजह से देश के ज्यादातर हिस्सों में लगातार दो दिन से हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। ठंड रोज नए रिकॉर्ड बना रही है।