आईपीएल में आज दो मैच, हैदराबाद-कोलकाता और पंजाब-मुंबई होंगे आमने-सामने

अबु धाबी। आईपीएल के 13वें सीजन में आज छठवां डबल हेडर (एक दिन में 2 मैच) है। पहले मैच में दोपहर 3.30 बजे अबु धाबी में सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला होगा। इसके बाद शाम 7.30 बजे दुबई में किंग्स इलेवन पंजाब और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगी। लगातार दो मैचों में हार का सामना करने के बाद हैदराबाद और केकेआर हर हाल में जीत दर्ज करना चाहेंगी।

पहले मुकाबले में हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर के पास आईपीएल में 5000 रन पूरे करने का मौका होगा। वे इस आंकड़े से सिर्फ 10 रन दूर हैं। लीग के इतिहास में अब तक विराट कोहली (5759), सुरेश रैना (5368) और रोहित शर्मा (5149) ही 5 हजार का आंकड़ा छू सके हैं।

हैदराबाद-कोलकाता के सबसे महंगे खिलाड़ी

हैदराबाद के सबसे महंगे खिलाड़ी डेविड वॉर्नर हैं। उन्हें फ्रेंचाइजी सीजन के 12.50 करोड़ रुपए देगी। इसके बाद टीम के दूसरे महंगे खिलाड़ी मनीष पांडे (11 करोड़) हैं। वहीं कोलकाता के सबसे महंगे खिलाड़ी पैट कमिंस हैं। उन्हें सीजन के 15.50 करोड़ रुपए मिलेंगे। इसके बाद सुनील नरेल का नबंर आता है, जिन्हें सीजन के 12.50 करोड़ रुपए मिलेंगे।

पंजाब पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे

आज के दूसरे मुकाबले में फॉर्म में चल रही मुंबई इंडियंस का मुकाबला किंग्स इलेवन पंजाब से होगा। सीजन में लगातार 5 मैच हारने के बाद पंजाब ने पिछले मैच में बेंगलुरु को हराया था। वहीं, मुंबई ने केकेआर के खिलाफ आसान जीत दर्ज की थी। पंजाब 8 में से 2 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे 8वें नंबर पर है। मुंबई 8 में से 6 मैच जीतकर दूसरे नंबर पर काबिज है।

कोलकाता नाइट राइडर्स ने अब तक 8 में से 4 मुकाबले जीते हैं। टीम 8 पॉइंट्स के साथ चौथे नंबर पर काबिज है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद 8 में से 3 मैच जीतकर केकेआर के नीचे यानी 5वें नंबर पर है।

पंजाब-मुंबई के सबसे महंगे खिलाड़ी

पंजाब में कप्तान लोकेश राहुल 11 करोड़ और ग्लेन मैक्सवेल 10.75 करोड़ रुपए कीमत के साथ सबसे महंगे प्लेयर हैं। वहीं, मुंबई में कप्तान रोहित शर्मा सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। टीम उन्हें एक सीजन का 15 करोड़ रुपए देगी। उनके बाद टीम में हार्दिक पंड्या का नंबर आता है, उन्हें 11 करोड़ रुपए मिलेंगे।

कोलकाता और हैदराबाद ने 2-2 बार खिताब जीते

आईपीएल इतिहास में कोलकाता ने अब तक दो बार फाइनल (2014, 2012) खेला और दोनों बार चैम्पियन रही है। वहीं हैदराबाद ने भी अब तक दो बार (2016, 2009) में फाइनल खेला और जीत हासिल की।