पहली बार जंगी जहाज पर तैनात हुईं दो महिला अधिकारी

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना के इतिहास में पहली बार दो महिला अधिकारियों को जंगी जहाज पर महत्वपूर्ण तैनाती दी गई है। हेलिकॉप्टर स्ट्रीम में सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब लेफ्टिनेंट रीति सिंह को ऑब्जर्वर्स (एयरबोर्न टैक्टीशियंस) के रूप में शामिल किया गया है।

युद्धपोतों से संचालित होने वाले हवाई लड़ाकू विमानों के एयरबोर्न टैक्टीशियंस का यह पहला महिला बैच है, जो जंगी जहाजों के डेक से काम करेगा। नौसेना ने इन दोनों महिला अधिकारियों का चयन 17 ऑफिसर्स के बीच से किया है।

सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और रीति सिंह भारतीय नौसेना के उस 17 अधिकारियों के एक समूह का हिस्सा हैं, जिन्हें आईएनएस गरुड़, कोच्चि में सोमवार को आयोजित एक समारोह में ऑब्जर्वर के रूप में स्नातक होने पर विंग्स से सम्मानित किया गया।