यूपी चुनाव : प्रियंका गांधी का ऐलान, कहा-यूपी में कांग्रेस की सरकार बनी तो सरकारी नौकरियों में 40 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण देंगे

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बुधवार को पार्टी का महिला घोषणापत्र जारी किया। इसे शक्ति विधान नाम दिया गया है।

घोषणा पत्र को लॉन्च करते हुए प्रियंका ने कहा कि देश के राजनीतिक इतिहास में पहली बार महिलाओं पर केंद्रित घोषणापत्र जारी किया जा रहा है। घोषणा पत्र को छह हिस्सों में बांटा गया है- स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत।

उन्होंने कहा कि आज की महिला लडऩा चाहती है। हमने उसी भावना को ध्यान में रखते हुए इस घोषणापत्र को बनाया है। प्रियंका वाड्रा ने ऐलान किया कि यूपी में कांग्रेस की सरकार बनी तो सरकारी नौकरियों में 40 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण देंगे।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि महिलाओं के लिए तैयार किए गए इस घोषणा पत्र को छह हिस्से में बांटा गया है। पहला स्वाभिमान, दूसरा स्वावलंबन, तीसरा शिक्षा, चौथा सम्मान, पांचवा सुरक्षा और छठा सेहत।

उन्होंने कहा कि 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देने की हमने घोषणा की है। अब इसे 50 प्रतिशत तक पहुंचाया जाएगा। इससे हम राजनीति में महिलाओं की असमानता को ठीक करने की कोशिश करेंगे। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व अभी 14 प्रतिशत से भी कम है। जब महिलाओं को टिकट में ज्यादा मौके मिलेंगे तो यह प्रतिशत बढ़ेगा।

यह भी पढ़ें-पीएम मोदी के लाल टोपी वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार