अमेरिका ने ताइवान को हथियार बेचने की मंजूरी दी

वाशिंगटन। चीन की आपत्तियों को दरकिनार कर अमेरिका ने ताइवान को हथियार बेचने की मंजूरी दे दी। हाल में हुए समझौते के तहत अमेरिका ने ताइवान को 60 करोड़ डॉलर (करीब 44 अरब 85 करोड़ रुपये) के सशस्त्र ड्रोन बेचने को मंजूरी दे दी है। अमेरिका का यह निर्णय चीन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि वह ताइवान को हथियार बेचने का लगातार विरोध कर रहा था। 

अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि ताइवान को रिमोट संचालित सशत्र ड्रोन व अन्य उपकरण देने की प्रक्रिया मंजूर कर ली गई है। मंत्रालय ने कहा कि ड्रोन मिलने के बाद ताइवान को अपनी सुरक्षा, सैन्य संतुलन और राजनीतिक स्थिरता में मदद मिलेगी। पिछले सप्ताह अमेरिका ने ताइवान को 237 करोड़ डॉलर की हार्पून मिसाइल बेचने पर सहमति दी थी।

चीन ने विरोध जताते हुए हथियारों को आपूर्ति करने वाली अमेरिकी कंपनियों पर प्रतिबंध लगाने की धमकी दी थी। अन्य मुद्दों के साथ ही ताइवान को हथियार दिए जाने से चीन और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ रहा है। बता दें कि चीन ताइवान को अपना अलग हुआ प्रांत बताकर उस पर अधिकार जताता है। जबकि ताइवान का कहना है कि वह संप्रभु देश है।

यह भी पढ़ें-हीरा कारोबारी नीरव मोदी के खिलाफ ब्रिटिश अदालत ने भारतीय सबूतों को स्वीकार किया