
मृतकों में 7 साल का बच्चा, महिला भी
जैसलमेर। जैसलमेर के रामदेवरा से रींगस लौट रहे यात्रियों से भरी क्रूजर की ट्रक भिड़त हो गई। इस भीषण हादसे में 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। घटना गुरुवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। गंभीर घायलों को जोधपुर रैफर कर दिया गया है। घटना नागौर जिले में हुई है।
दर्शन कर घर लौट रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार क्रजर सवार सभी यात्री रामदेवरा दर्शन के लिए आए थे। गुरुवार को दर्शन कर यह रींगस की तरफ जा रहे थे। तभी बुरडी फांटा के पास सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक से भिड़ंत होते ही क्रूजर के परखच्चे उड़ गए। इनमें बैठे यात्री बुरी तरह फंस गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने सुरपालिया थाने के पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद क्रूजर में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें से 5 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। 12 घायलों को एंबुलेंस की मदद से नागौर के डेह अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें नागौर के जेएलएन अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इनमें 5 यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जोधपुर रेफर किया गया।
हाईवे पर अंधेरा, टॉर्च की रोशनी में निकाले शव
हाईवे पर जहां हादसा हुआ, वहां अंधेरा था। मौके पर पहुंची पुलिस अधिकारियों की टीम को भी समझ में नहीं आया। क्रूजर में फंसे शवों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। मोबाइल टॉर्च की रोशनी में किसी तरह से घायलों-मृतकों को बाहर निकालना गया।
ये हुए हादसे के शिकार
हादसे में 7 साल के हेमराज समेत रुकमा (27), रोहिताश (25), फूलचंद (40) और कौशल्या (25) की मौत हो गई। विष्णुदत्त (50), सुआलाल (52), सजनी देवी (45) , शंकरलाल (30), धापुदेवी (50), रविना (21), रविंद्र (12), कन्हैयालाल (6), योगना (30), राजेश (22), चौखीदेवी (65), रामवतार (25) घायल हैं।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
20 दिन पहले भी पाली जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के सुमेरपुर-शिवगंज हाईवे पर रामदेवरा यात्रियों के ट्रैक्टर पर ट्रक चढ़ गया था। इस हादसे में 4 की मौत हो गई थी और 25 से ज्यादा यात्री घायल हो गए थे। यह हादसा इतना दर्दनाक था कि कई लोग ट्रैक्टर के नीचे दब गए थे। इनमें कई यात्रियों की हड्डियां टूट गई थी।
यह भी पढ़ेंं : पितृपक्ष में स्वप्न में पितरों का दिखना शुभ या अशुभ…