जलदाय मंत्री ने किया वर्षा जल संरक्षण जागरूकता पोस्टर का विमोचन

जलदाय मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने सोमवार को प्रदेश में वर्षा जल संरक्षण के लिए शुभ विचार संस्था द्वारा तैयार जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधांश पंत, शुभ विचार संस्था के संस्थापक जीतेंद्र शर्मा, नेहरू युवा केन्द्र के महेश शर्मा और मंगलम बिल्डर्स के निदेशक रामबाबू शर्मा मौजूद रहे।

डॉ. कल्ला ने इस मौके पर कहा कि सभी स्तरों पर वर्षा जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास समय की आवश्यकता है। हम अपने दैनिक जीवन में जल की बचत एवं संरक्षण तथा बूंद-बूंद का मितव्यता के साथ सदुपयोग करने का संकल्प लेकर अपने आने वाले कल को संवार सकते हैं।

उन्होंने शुभ विचार संस्था द्वारा जन जागरूकता के लिए प्रचार-प्रसार की सराहना करते अन्य संस्थाओं से भी ऐसे कार्यों में के लिए आगे आने का आह्वान किया। अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत ने कहा कि वर्षा जल संरक्षण से भू-जल की गुणवत्ता और जल स्तर दोनों में सुधार आता है, ऐसे जन अभियान का लाभ सभी को मिलता है।

शुभ विचार के जीतेंद्र शर्मा ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा वर्षा जल संरक्षण इकाई निर्माण के लिये विभिन्न सरकारी और निजी संस्थानों, बिल्डर्स और आम लोगों के सहयोग से जागरूकता गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- टोक्यो ओलंपिक्स में जयपुर के 3 निशानेबाज ले रहे हिस्सा