उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में सर्दी बढ़ी, रातभर भारी बारिश होने से चेन्नई में बाढ़ की चेतावनी

उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में सर्दी बढऩे लगी है और देश के कई अन्य क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ रही है। वहीं चेन्नई और उपनगरीय इलाकों में रात भर भारी बारिश होने से हालत बिगड़ गई है। आज चेन्नई में बाढ़ की चेतावनी दी गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा महाराष्ट्र के दो जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की भविष्यवाणी के अनुसार राज्य की राजधानी मुंबई सहित अन्य उपनगरों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। चेन्नई और कांचीपुरम और तिरुवल्लूर जिलों के कई उपनगरों में शनिवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश हुई और रात भर बारिश होती रही, जिससे कई इलाकों में पानी भर जाने से लोगों को परेशानी हुई।

आईएमडी दिल्ली के वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने बताया कि चेन्नई शहर में चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई है। पूर्वोत्तर मानसून के कारण 9-11 नवंबर से आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना है।

आईएमडी के मुताबिक बेमौसम बारिश पूर्वी अरब सागर के ऊपर एक कम दबाव के क्षेत्र के कारण हुई थी। अरब सागर के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र के अलावा, सुमात्रा तट से दूर दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस कारण तटों से जुड़े राज्यों में बारिश की संभावना है।

यह भी पढ़ें-महाराष्ट्र के अहमदनगर के अस्पताल में लगी भीषण आग, 10 लोगों की मौत