
उत्तर भारत में सर्दी एक बार फिर रंग दिखाने लगी है। गुरुवार को दिल्ली में इस सीजन की दूसरी सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई है, जबकि नए साल का स्वागत करने के लिए पहाड़ की बर्फीली हवाएं भी दिल्ली पहुंच गई है। ऐसे में मौसम विभाग ने दो दिनों तक लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी दिशा से चल रही हवा अब उत्तर-पश्चिमी हो गई है। इससे उत्तरी भारत के मैदानी इलाकों में बर्फीली हवाओं का दौर शुरू हो गया है। इससे पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और मध्यप्रदेश के इलाकों में शीतलहर शुरू होगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि तीन जनवरी तक इन इलाकों में शीतलहर का दौर जारी रहेगा।

वहीं, दिल्ली में गुरुवार की सुबह 3.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ इस सीजन की दूसरी सबसे सर्द सुबह रही। इससे पहले 20 दिसंबर को पारा 3.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया था। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 3.4 और अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
हिमाचल प्रदेश के छह स्थानों केलंग, कल्पा, कुफरी, मनाली, भुंतर व सोलन में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। जनजातीय क्षेत्र केलंग व कल्पा में कई दिन से न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है।
कड़ाके की ठंड में लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। खासकर जनजातीय जिलों में शीतलहर चल रही है। एक व दो जनवरी को कुछ हिस्सों में बारिश और हिमपात की संभावना है। गुरुवार को केलंग में माइनस 12.3 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया और ऊना में अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
यह भी पढ़ें-देश में ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के बीच अब कोरोना संक्रमण की रफ्तार भी बढ़ने लगी