योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 89 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। करीब 89 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

  • योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का पंचूर गांव में निधन।
  • 89 वर्ष की उम्र में शुक्रवार सुबह ली अंतिम सांस।
  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख, शनिवार को हरिद्वार में अंतिम संस्कार प्रस्तावित।

Yogi Adityanath’s Mother Savitri Devi Passes Away : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। वह लगभग 89 वर्ष की थीं। उनके निधन की खबर से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

योगी आदित्यनाथ की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी साल मई में हुई थी। सात मई को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव पंचूर गए थे। वहां धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की थी। अगले दिन आठ मई को वह अपने पैतृक आवास पहुंचे और मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया था। यह मुलाकात अब उनकी मां के साथ आखिरी मुलाकात बन गई।

यह भी पढ़े : श्रद्धा की मेहनत देख भावुक हुए शक्ति कपूर, बेटी पर जताया गर्व

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मां का स्नेह, ममत्व और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होते हैं। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री धामी ने योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मां का आशीर्वाद जीवनभर संबल देता है। उन्होंने बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

यह भी पढ़े : मुंबई से दार एस सलाम की सीधी उड़ान शुरू, इंडिगो ने बढ़ाई अफ्रीका तक पहुंच

सावित्री देवी के निधन की सूचना मिलने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों सहित रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने शोक व्यक्त किया। पंचूर गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक का वातावरण है।

Related Articles

Back to top button