प्रवासी राजस्थानी दिवस में सिंगापुर से आएगा 16 सदस्यीय दल, 400 करोड़ के निवेश प्रस्ताव
राजस्थान फाउंडेशन के सिंगापुर चैप्टर के अध्यक्ष दाउदयाल गुप्ता ने बताया कि जयपुर में 10 दिसंबर को होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस में 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा। चैप्टर की ओर से राज्य में करीब 400 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए जा चुके हैं। गुप्ता ने सिंगापुर-जयपुर सीधी हवाई सेवा दोबारा शुरू करने की मांग भी उठाई।
- प्रवासी राजस्थानी दिवस में सिंगापुर से 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल लेगा भाग।
- राजस्थान में करीब 400 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत।
- दाउदयाल गुप्ता ने सिंगापुर-जयपुर सीधी उड़ान फिर शुरू करने की उठाई मांग।
Singapore Delegation to Join Pravasi Rajasthani Diwas : राजस्थान में निवेश और व्यावसायिक साझेदारी की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए सिंगापुर में बसे प्रवासी राजस्थानी भी सक्रिय भागीदारी निभाने जा रहे हैं। राजस्थान फाउंडेशन के सिंगापुर चैप्टर का 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 10 दिसंबर को जयपुर में आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस में शामिल होगा।
सिंगापुर चैप्टर के अध्यक्ष दाउदयाल गुप्ता ने जलतेदीप को दूरभाष पर बताया कि मुख्यमंत्री की विकासपरक सोच और राजस्थान में निवेश को प्रोत्साहित करने की पहल को चैप्टर लगातार समर्थन दे रहा है। उनके नेतृत्व में आने वाले दल में चैप्टर के उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कार्यकारी समिति के सदस्य और राजस्थान फाउंडेशन के अन्य सदस्य शामिल होंगे।
यह भी पढे : प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे पहुंचीं दिया कुमारी, प्रदेश की खुशहाली की कामना
गुप्ता के अनुसार, सिंगापुर चैप्टर की ओर से राजस्थान में लगभग 400 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव पहले ही प्रस्तुत किए जा चुके हैं। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य इन प्रस्तावों के साथ-साथ प्रदेश में नए व्यावसायिक अवसरों और साझेदारी की संभावनाओं पर भी काम कर रहे हैं। चैप्टर अपने अंतरराष्ट्रीय कारोबारी संपर्कों और अनुभव के जरिए राजस्थान तथा वैश्विक व्यापारिक समुदाय के बीच मजबूत कड़ी बनाने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने सिंगापुर और जयपुर के बीच सीधी हवाई सेवा दोबारा शुरू करने की जरूरत पर भी जोर दिया। गुप्ता का कहना है कि सीधी उड़ान शुरू होने से दोनों स्थानों के बीच आवागमन आसान होगा। इससे पर्यटन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ विदेशों में रह रहे राजस्थानियों का अपने प्रदेश से जुड़ाव भी मजबूत होगा।
यह भी पढे : गुरु नानक देव के संदेश से जनसेवा की प्रेरणा लें: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
गुप्ता ने राज्य सरकार से यह भी आग्रह किया कि राजस्थान फाउंडेशन के विभिन्न अंतरराष्ट्रीय चैप्टरों और संगठनों की ओर से दिए जाने वाले निवेश प्रस्तावों पर प्राथमिकता से विचार किया जाए। साथ ही, स्वीकृति प्रक्रिया को गति मिले, ताकि निवेशकों का भरोसा बढ़े और प्रस्तावित परियोजनाओं को जल्द धरातल पर उतारा जा सके।
उन्होंने कहा कि सिंगापुर चैप्टर समृद्ध और निवेश अनुकूल राजस्थान के निर्माण में भागीदार बनने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रवासी राजस्थानी दिवस सरकार और विदेशों में बसे राजस्थानियों के बीच संवाद, सहयोग और निवेश के नए रास्ते खोलने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।



