जिला परिषद नतीजों पर अशोक गहलोत बोले- 2028 में राजस्थान और 2029 में केंद्र से विदा होगी भाजपा
जिला परिषद चुनावों के नतीजों को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस के लिए उत्साहजनक बताया है। उनका कहना है कि प्रदेश में महिलाओं और युवाओं की बढ़ती भागीदारी राजनीतिक बदलाव का संकेत दे रही है। गहलोत ने भाजपा पर जोड़तोड़ का आरोप लगाते हुए दावा किया कि कांग्रेस 2028 के विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से सरकार बनाएगी और जनता का रुख बदल रहा है।
- जिला परिषद चुनाव परिणामों को गहलोत ने कांग्रेस के लिए बताया उत्साहजनक।
- 2028 राजस्थान विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीतने का किया दावा।
- महिलाओं और युवाओं की बढ़ती भागीदारी को बताया राजनीति में बदलाव का संकेत।
Ashok Gehlot speaks on Zila Parishad results : जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस की बढ़त के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान की राजनीति में बड़े उलटफेर का संकेत दिया है। जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से रूबरू होते हुए गहलोत ने भाजपा पर जोड़तोड़ के आरोप लगाए और दावा किया कि जनता का मूड बदल चुका है। उन्होंने महिला व युवा नेतृत्व के उभरने को लोकतंत्र के लिए शुभ बताया।
राजस्थान में मौजूदा भाजपा सरकार के तीन साल पूरे होने के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की सियासत को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में वर्तमान सरकारों के खिलाफ लोगों की नाराजगी धीरे-धीरे बढ़ रही है। गहलोत के मुताबिक हालिया चुनाव नतीजों को महज पार्टी का दावा नहीं समझा जाना चाहिए, बल्कि यह जनता के बदलते मिजाज की साफ तस्वीर है, जिसके दम पर कांग्रेस 2028 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ वापसी करेगी।
यह भी पढ़ें ; राजमंदिर में श्रद्धा और रणदीप का लावणी धमाल, ‘ईठा’ के लिए उमड़ी भीड़
गुरुवार को जयपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए गहलोत ने जिला परिषद चुनाव परिणामों को पार्टी के लिए बेहद उत्साहवर्धक बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 24 जिला परिषदों में अपने जिला प्रमुख बनाए हैं, जबकि भाजपा ने राजनीतिक जोड़तोड़ के सहारे पांच से दस सीटें हासिल की हैं। गहलोत ने जोर देकर कहा कि राजनीतिक दल चाहे जितने दावे करें, लेकिन असली संदेश जनता अपने वोट के जरिए ही देती है।
चुनाव के आंकड़ों का हवाला देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व पर विशेष चर्चा की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के टिकट पर करीब 17 से 18 महिलाएं जिला प्रमुख चुनी गई हैं, जबकि भाजपा से यह संख्या सात के आसपास रही। साथ ही जिला प्रमुखों की औसत उम्र पिछली बार के 48 वर्ष से घटकर लगभग 41 वर्ष पर आ गई है, वहीं चुनी गई महिलाओं की औसत आयु 36 से 37 साल के बीच है। गहलोत ने इसे लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत करार दिया।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान उप जिला प्रमुख चुनाव में बड़ा उलटफेर, सात जिलों में एक ही दिन में पलटे सियासी समीकरण!
राष्ट्रीय राजनीति पर बात करते हुए गहलोत ने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन राहुल गांधी की अगुवाई और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अनुभव के साथ मजबूती से उतरेगा। उन्होंने दावा किया कि 2029 के आम चुनाव में एनडीए को सत्ता से बाहर कर विपक्षी गठबंधन केंद्र में मजबूत सरकार बनाएगा। वहीं, चूरू जिला प्रमुख चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग और बगावत के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है और बीकानेर की तर्ज पर पार्टी के साथ भितरघात करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।



