नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में गुजरात से शेरनी लाई गई

नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में देर रात नई मेहमान आई है। गुजरात के शकरबाग चिडिय़ाघर से जयपुर वन विभाग की टीम एक शेरनी को लेकर बुधवार देर रात जयपुर पहुंचे। सृष्टि नाम की इस शेरनी को अब 21 दिन तक पार्क में बनी लॉयन सफारी के एन्क्लोजर में क्वारंटीन किया जाएगा। इसके बाद इस शेरनी को सफारी में पहले से मौजूद त्रिपुर शेर के साथ छोड़ा जाएगा।

वन विभाग की टीम के साथ गए वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक अरविंद माथुर ने बताया कि एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत यह शेरनी यहां लाई गई है। इसके बदले बायोलॉजिकल पार्क से भेडि़़ए का जोड़ा शकरबाग चिडिय़ाघर प्रशासन को दिया गया है।

उन्होने बताया कि शेरनी सृष्टि की उम्र लगभग एक साल 6 माह है। अब बायोलॉजिकल पार्क आने वाले दर्शकों को शेर त्रिपुर और उसकी बहन तारा और एक अन्य शेरनी सुहासिनी के साथ सृष्टि की चहलकदमी देखने को मिलेगी।

शकरबाग चिडिय़ाघर से जयपुर नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में ये तीसरी शेरनी आई है। इससे पहले शेरनी तेजिका और सुजैन को भी इसी चिडिय़ाघर से लगाया गया था। लेकिन ज्यादा उम्र और बीमारी के कारण दोनों शेरनियां मर गई थी। अब उम्मीद जताई जा रही है कि सृष्टि के आने से पार्क में शेरों के कुनबे में बढ़ोतरी होगी।