
संत समाज ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
जयपुर। समिति के लोगों द्वारा मंदिर को छोडऩे की बात से परेशान एक पुजारी ने गुरुवार सुबह खुद को आग लगा ली। इस घटना में पुजारी करीब 60 फीसदी तक जल गया है। उसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सुबह करीब 5 बजे की है। इधर, पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुजारी के बयान के बाद पुलिस संबंधित लोगों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुजारी ने विकास समिति के पूर्व अध्यक्ष मूलचंद मान के घर के बाहर जाकर लगाई। आग लगाने वाले गिर्राज शर्मा शंकर विहार स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर का पुजारी है। आग की सूचना मिलने पर मंदिर में रह रहा पंडित का परिवार मौके पर पहुंचा और पंडित को बचाने की कोशिश की। फिलहाल पंडित गिर्राज शर्मा का एसएमएस अस्पताल के बर्न वॉर्ड में उपचार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को अपने कब्जे में ले लिया है।
मंदिर से जाने का दबाव बना रही थी समिति

अस्पताल में भर्ती पंडित गिर्राज शर्मा ने बताया कि पांच-छह लोग उसे लम्बे समय से परेशान कर रहे थे। इसमें शंकर जोशी सहित कुछ लोग थे। ये लोग चाहते थे की पंडित परिवार के साथ यहां से चला जाए। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मंदिर की स्थापना विकास समिति ने वर्ष 2002 में की थी। मंदिर में पंडित कई साल से अपने परिवार के साथ रह रहे थे। पिछले कुछ समय से मंदिर ट्रस्ट और उसके बीच में विवाद चल रहा था। इसे लेकर पंडित गिर्राज शर्मा काफी परेशान थे। आज सुबह परिवार सो रहा था। इस दौरान पंडित गिर्राज शर्मा एक बोतल में ज्वलनशील पदार्थ लेकर मूलचंद मान के घर के बाहर गए। वहां उन्होंने खुद को आग के हवाले कर दिया।
गांव जाने का कहकर निकले थे
गिर्राज शर्मा की पत्नी चंद्रकांता शर्मा ने बताया कि पंडितजी ने सुबह कहा था कि वह गांव जा रहे हैं, लेकिन वह दोबारा से मंदिर में आए और फिर निकल गए। दो महीने से लोग परेशान कर रहे थे। मंदिर में पूजा करने के दौरान भी ये लोग परेशान किया करते थे। पंडित जी को मानसाहब, शंकर जोशी, अशोक झालानी, शंकर स्वामी, दिनेश धारीवाल परेशान करते थे। कल शाम को भी इन लोगों ने पंडित जी को परेशान किया था। पंडित बिना स्वार्थ के यहां पर पूजा किया करते थे। किसी से पैसा नहीं लेते थे, उसके बाद भी ये लोग उन्हें परेशान किया करते थे।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों को पुलिस ने बुलाया
एडिशनल डीसीपी रामसिंह घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को जब्त कर मुरलीपुरा थाने लेकर गए। फिलहाल अधिकारी सीसीटीवी देख रहे हैं। पुलिस ने मंदिर ट्रस्ट के लोगों को भी थाने बुलाया है। उनसे भी विवाद को लेकर पूछताछ की जाएगी। हालांकि समिति के पूर्व अध्यक्ष मूलचंद मान पुलिस को घर पर नहीं मिले हैं। इन्हीं के घर के सामने पुजारी ने आग लगाई थी।
यह भी पढ़ें : मोक्ष की ओर ले जा सकती है संयमयुक्त तपस्या : आचार्यश्री महाश्रमण