महिला से अभद्रता करने वाले त्यागी के घर चला बाबा का बुलडोजर

त्यागी
त्यागी

भाजपा नेता की 6 दुकानें ढहेंगी, तीन सूबो में तलाश रही है पुलिस

नोएडा। नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता करने वाले श्रीकांत त्यागी पर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। त्यागी का ओमेक्स सोसाइटी में अवैध निर्माण है। सोमवार सुबह प्रशासन बुलडोजर लेकर यहां पहुंचा और अवैध निर्माण तोडऩा शुरू कर दिया। त्यागी ने फ्लैट में जाने के लिए सोसाइटी के बेसमेंट से सीढ़ी बनवा रखी थी। टीम ने उसे भी तोड़ दिया है।

रविवार रात ही त्यागी के 15 गुर्गे सोसाइटी में घुस आए थे। उन्होंने यहां लोगों पर पत्थरबाजी की और मारपीट की। इससे पहले श्रीकांत त्यागी ने सोसाइटी की एक महिला और उसके पति को गालियां दी थीं। त्यागी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ और पुलिस की 12 टीमें लगाई गई हैं।

भंगेल में श्रीकांत त्यागी की 7 दुकानों पर एसआईटी के अफसरों ने छापा मारा। जांच के बाद टीम दस्तावेज अपने साथ लेकर गई है। त्यागी पर गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट ने 25 हजार का इनाम घोषित किया है। उसकी प्रेमिका को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उसकी नोएडा के भंगेल गांव में 6 दुकानें हैं। उसे भी ढहाया जाएगा। श्रीकांत त्यागी सूरजपुर कोर्ट में सरेंडर कर सकता है। कोर्ट में पुलिस तैनात है। भीतर आने वाली सभी गाडिय़ों को चेक किया जा रहा है। अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने बताया, सीएम दफ्तर से श्रीकांत त्यागी की पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। सुरक्षा देने वालों और पैरवी करने वालों पर कार्रवाई होगी।

नोएडा नहीं, गाजियाबाद से मिली थी सिक्योरिटी

श्रीकांत त्यागी को सरकार के एक वर्तमान मंत्री और एक पूर्व मंत्री का संरक्षण मिला था। उसे गाजियाबाद से सिक्योरिटी मिली थी। तब डीएम ऋतु माहेश्वरी थीं। सीएम योगी ने भाजपा में जॉइनिंग किसके कहने पर हुई थी, इसकी जानकारी भी मांगी है।

त्यागी की लोकेशन मिली, सीसीटीवी में भी दिखा

पुलिस को श्रीकांत त्यागी की लास्ट लोकेशन हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच मिली है। उसका करीब 10 बार फोन ऑन-ऑफ हुआ है। वह हरिद्वार में एक जगह सीसीटीवी में भी कैद हुआ है। घटना के बाद नोएडा पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने थाना फेस-2 के प्रभारी सुजीत उपाध्याय को सस्पेंड कर दिया। उनकी जगह परम हंस तिवारी को लाया गया है। फरार श्रीकांत त्यागी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। इसके अलावा आरोपी नेता की संपत्ति भी कुर्क की जाएगी।

वीडियो वायरल होने के बाद त्यागी फरार, महंगी गाडिय़ां जब्त

त्यागी

वीडियो वायरल होने के बाद से श्रीकांत त्यागी फरार है। तलाश में पुलिस ने दिल्ली, उत्तराखंड व यूपी में दबिश दी है। अफसरों ने कहा कि श्रीकांत त्यागी जब तक पकड़ा नहीं जाता, तब तक श्रीकांत त्यागी के घर के बाहर पुलिस तैनात रहेगी। परिवार के हर मूवमेंट पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ने आरोपी की चार महंगी गाडिय़ों को जब्त कर लिया है।

भाजपा सांसद पहुंचे तो भीड़ ने घेर लिया

सोसाइटी में हंगामे की सूचना के बाद भाजपा सांसद महेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद लोगों ने उनका घेराव कर लिया। शर्मा ने भीड़ के सामने ही किसी को फोन लगाया और तल्ख लहजे में कहा, मेरे कहने पर पुलिस आई। मेरे जिलाध्यक्ष और मैं यहां पर हूं। हमें शर्मिंदगी महसूस हो रही है। हमारी सरकार है। 15 लड़के सोसाइटी में कैसे आए? इससे बड़ी शर्म की बात नहीं हो सकती है।

सोसाइटी वाले बोले- लाठी-डंडे लेकर आए थे उपद्रवी

ओमेक्स सोसाइटी में रविवार रात करीब 3 घंटे तक सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सांसद, विधायक और डीएम समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों ने कहा कि जो युवक सोसाइटी में घुसे, वो त्यागी के गुंडे हैं। उसी के कहने पर आए थे। उपद्रवी युवकों ने सोसाइटी के लोगों पर पथराव भी किया। बच्चों का एक वीडियो आया था। इसमें बच्चे रो रहे थे। 6 युवकों को पकड़ लिया गया है।
सोसाइटी के लोगों ने बताया कि युवकों के हाथों में लाठी-डंडे थे। उन लोगों ने श्रीकांत त्यागी का पता पूछा था। इसके बाद उत्पात मचाना शुरू कर दिया। हिरासत में लिए गए युवकों का कहना है कि वो सभी त्यागी समाज से हैं। त्यागी संगठन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कोई भी बवाल नहीं किया।

यह भी पढ़ें :अखिलेश को तिरंगा यात्रा में दिख रही है राजनीति