
झालावाड़। सांसद दुष्यंतसिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार प्रत्येक मोर्चे पर विफल साबित हो चुकी है। झालावाड़ जिले का विकास थम गया है और जन समस्याओं की सुनवाई की कोई व्यवस्था नहीं है। सांसद सिंह शुक्रवार को अपने पांच दिवसीय प्रवास पर खानपुर पहुंचे थे।
उन्होंने खानपुर के काली तलाई बालाजी मंदिर सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विधायक और सांसद कोष के माध्यम से विकास कार्यों को यथासंभव गति दी जाएगी और इसमें बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा। उन्होंने जिले में डीएपी की किल्लत पर कहा कि राज्य सरकार वितरण व्यवस्था का प्रबंधन नहीं कर पाई है। इतना ही नहीं हमारे किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले को सात हजार की आवश्यकता की तुलना में एक से 27 अक्टूबर तक 6097 मीट्रिक टन डीएपी का आवंटन किया जाना था, लेकिन अब तक मात्र 5107 मीट्रिक टन की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकी है। उन्होंने शेष डीएपी की कमी शीघ्र पूरी करने के लिए मुख्यमंत्री के सचिव से बातचीत की जानकारी दी।
उन्होंने आम जन को अपनी ओर से दीपावली की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए जनसमस्याओं की सुनवाई भी की। इस अवसर पर विधायक नरेंद्र नागर ने क्षेत्र में बिजली संकट, खाद आपूर्ति की समस्या, कानून व्यवस्था, खराब चिकित्सा सुविधा आदि मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष श्यामसुंदर शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिलाध्यक्ष संजय जैन ने स्वागत उद्बोधन दिया।
यह भी पढ़ें-शहर की समस्याओं को लेकर भाजपा ने प्रदर्शन किया, सरकार पर साधा निशाना