
सवाईमाधोपुर। सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा गणिनी आर्यिका संगममती माताजी ससंघ के सानिध्य एवं सर्वार्थसिद्धि तीर्थ क्षेत्र समिति व सहयोगी नवयुवक एवं महिला मंडल रणथम्भौर के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को भगवान संभवनाथ का जन्म कल्याणक महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान वातावरण भगवान संभवनाथ की भक्ति के रंग से सराबोर था। वहीं प्रेम व सौहार्द की भावना रखते हुए मनाए जा रहे आठ दिवसीय अष्टान्हिका महापर्व का विधिवत समापन हुआ।
ैसमाज के प्रवक्ता प्रवीण जैन ने बताया कि अरावली पर्वत श्रृंखलाओं के बीच ऐतिहासिक रणथंभौर दुर्ग स्थित प्राचीन एवं महाअतिशयकारी संभवनाथ दिगंबर जैन मंदिर में महोत्सव की शुरुआत प्रात:काल गणिनी आर्यिका संगममती माताजी के मुखारविंद से उच्चारित मांगलिक मंत्रों के बीच जिनेंद्र देव के किए गए अभिषेक व विश्व की सुख-समृद्धि व शांति की मंगल कामनार्थ की गई शांतिधारा से हुई।
इसके उपरांत महोत्सव के उपलक्ष्य में अष्ट द्रव्यों से भगवान संभवनाथ की मधुर स्वर लहरियों के साथ पूजन कर खुशी में झूमते हुए जन्म कल्याणक का अर्घ्य समर्पित किया और कल्याणक के प्रति हर्ष प्रकट किया। अर्घ्य समर्पित करते ही मंदिर परिसर भगवान संभवनाथ के जयकारों से गूंज उठा। साथ ही आठ दिवसीय अष्टान्हिका महापर्व के समापन पर नंदीश्वरदीप विधान मंडल की भक्ति पूर्वक पूजन कर मंडल पर मंत्रोच्चार के साथ श्रीफल युक्त 52 अर्घ्य समर्पित किए और पर्व के प्रति आस्था प्रकट की।
विधानपूजन में पूजार्थियों द्वारा सामूहिक रूप से भजनों की दी गई मनुहारी प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। विधान पूजन से पूर्व पंडित आशीष जैन शास्त्री के निर्देशन में मंडल पर मंगल कलशों एवं मंगल दीपक की विधिवत स्थापना की गई। इस मौके पर गणिनी आर्यिका संगममती माताजी ने कहा कि धर्म रहित मनुष्य पर्याय की शोभा नहीं होती है। जिंदगी कर्मों का खेल है। सम्यक आचरण पूर्वक धर्म धारण कर आत्मा पर लगी अष्ट कर्म रूपी रज को हटाने पर ही मनुष्य का कल्याण हो सकता है।
भगवान संभवनाथ के दर पर भक्ति भाव से महाअर्घ्य समर्पण, शांति पाठ एवं विसर्जन विधि के साथ सम्पन्न पूजनोपरांत भगवान की संगीतमयी आरती उतारी गई। इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष रमेश चंद कासलीवाल, मंत्री हेम कुमार जैन श्रीमाल, सर्वार्थ सिद्धि तीर्थ क्षेत्र समिति के महामंत्री पारस भौंसा, मंत्री अशोक पांड्या, कोषाध्यक्ष तरुण बज, सर्वार्थसिद्धि नवयुवक मंडल के महानिर्देशक विमल सौगानी, सर्वार्थ सिद्धि महिला मंडल रणथंभौर की अध्यक्ष सरोज भसावड़ी, मंत्री पुष्पा जैन श्रीमाल सहित गणमान्य महिला-पुरुष उपस्थिति थे।
यह भी पढ़ें-सामूहिक विवाह सम्मेलन में तीन समाजों के 14 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ