हर घर आंगन बहे श्रीराम नाम की गंगा : पारीक

बारां। राष्ट्रीय कवि संगम की ओर से आयोजित श्रीराम राष्ट्रीय काव्यपाठ प्रतियोगिता का आयोजन शहर के मनोहर घाट शिवाजी नगर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कवि संगम के प्रदेशाध्यक्ष कवि किशोर पारीक रहे। उन्होंने कहा कि हर घर आंगन बहे श्रीराम नाम की गंगा, ऐसा प्रयास करना चाहिए।

जिलाध्यक्ष दयाचंद जैन ने बताया कि मुख्य वक्ता भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह समन्वयक बाबूलाल रेनवाल ने युवाओं से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की ओर से दर्शित मार्ग पर चलने का आह्वान किया। प्रदेश महामंत्री कवि किशोर पारीक ने घट-घट वासी श्रीराम और हृदय निवासिनी सीता है गीत पढ़कर श्रीराम के प्रति श्रोताओं की आस्था को प्रबल किया।

प्रदेश महिला अध्यक्ष डॉ. रानी तंवर ने कहा कि बारां की मिट्टी में काव्य के दबे हुए स्वर्ण कलशों को निकालने का कार्य निरंतर राष्ट्रीय कवि संगम की ओर से किया जा रहा है। वरिष्ठ शिशुरोग विशेषज्ञ डॉ. बीएस कुशवाहा व दीपक जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र यादवेंद्र, चित्रा जैन, संभागीय अध्यक्ष संजय शुक्ला, प्रदेश मीडिया प्रभारी नवीन जोशी आदि उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता संयोजक मेवाराम चौधरी व प्रतियोगिता उप-संयोजक सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में संपूर्ण जिले से 47 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया और सभी ने एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुतियां दी। प्रतियोगिता में प्रथम विजेता रेखा गौड़ ने अपनी मधुर रसपूरित वाणी से जगद्प्रसिद्ध पार्श्व गायक रवींद्र जैन रचित हम कथा सुनाते राम सकल गुणधाम की पर प्रस्तुति दी। शाहाबाद के भोयल से आए अरुण कुमार ने कवि कमलेश शर्मा रचित जीवन के कण-कण में राम कविता वाचन से द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

हार्दिक टोंग्या ने कवि अमन अक्षर रचित भाव सूचियां बहुत भाव सिर्फ राम है कविता पढ़कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में अखिल भारतीय स्तर के मूर्धन्य कवि डॉ. सुरेंद्र यादवेन्द्र, बाबू बंजारा, ओम सोनी मधुर रहे। विजेताओं की घोषणा प्रदेश महामंत्री किशोर ने की एवं मंचासीन अतिथियों ने मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र व प्रथम, द्वितीय, तृतीय को नकद राशि देकर उत्साहवर्धन किया। अन्य प्रतिभागियों को संश्रुति पत्र दिए।

तीनों प्रतिभागी 3 अक्टूबर को राज्य स्तरीय काव्यपाठ प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष नाथूलाल मेघवाल, उप-समन्व्यक सत्यनारायण शर्मा, अंता इकाई अध्यक्ष ओम मेरोठा, सचिव पवन गौतम, जिलामंत्री विष्णु विश्वास, जिला उपाध्यक्ष नीरज साहिल, उषा शर्मा, नगर अध्यक्ष नाथूलाल मेघवाल, सचिव जितेंद्र साहू, प्रबंध सचिव सूरज मेघवाल, रामदिल कंडारा, राजप्रमोद बेरवा, भैरूलाल भास्कर, रमन अजमेरा, बच्छराज राजस्थानी, शोभागमल वैष्णव, दीपक शर्मा, ज्योति शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे। संचालन कवि सोनू सुरीला ने किया।

यह भी पढ़ें-भगवान देवनारायण की सप्तमी पर शोभायात्रा निकाली