इस साल गौतम अदाणी की नेटवर्थ 183% बढ़ी

अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने इस साल प्रतिदिन कमाई के लिहाज से देश के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी सहित बिल गेट्स को पीछे छोड़ा। ब्लूमबर्ग बिलियनर्स इंडेक्स के मुताबिक 2020 में अदाणी की नेटवर्थ में अब तक 183% की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, अदाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर 552% तक ऊपर चढ़े। कुल मिलाकर अदाणी ग्रुप के शेयरों में तेजी और अच्छे तिमाही नतीजों के चलते यह साल कमाई के लिहाज से बेहतर साबित हो रहा है।

ब्लूमबर्ग बिलियनर्स इंडेक्स के मुताबिक जनवरी से 28 नवंबर तक अदाणी की नेटवर्थ 1.52 लाख करोड़ रुपए बढ़ी है। यह अब बढ़कर 2.35 लाख करोड़ रुपए हो गई है। इस लिहाज से अदाणी मे हर दिन 458 करोड़ रुपए कमाए। गौतम अदाणी दुनिया के 41वें और भारत के दूसरे सबसे अमीर शख्स हैं। देश के सबसे अमीर शख्स रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी हैं। अंबानी की नेटवर्थ 5.44 लाख करोड़ रुपए है। 2020 में अंबानी की नेटवर्थ 1.10 लाख करोड़ रुपए बढ़ी। वहीं, दुनिया के सबसे अमीर शख्स जेफ बेजोस हैं, जिनकी नेटवर्थ 13.82 लाख करोड़ रुपए है।

घरेलू शेयर बाजार में अदाणी ग्रुप की कुल छह कंपनियां लिस्ट हैं। इनमें सबसे पहले अदाणी इंटरप्राइजेज की लिस्टिंग 1994 में हुई थी। बाद में अन्य कंपनियों को डीमर्ज कर दिया गया। यानी अदाणी इंटरप्राइजेज से अलग कई कंपनियों की शेयर बाजार में लिस्टिंग हुई। ग्रुप की छह कंपनियों में से अदाणी ग्रीन एनर्जी का मार्केट कैप सबसे अधिक 1.75 लाख करोड़ रुपए है। जनवरी से अब तक कंपनी के शेयर ने निवेशकों को 552% का रिटर्न दिया है। BSE में 28 नवंबर के डेटा के मुताबिक ग्रुप की कुल कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 3.97 लाख करोड़ रुपए रहा। BSE में लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 174.14 लाख करोड़ रुपए रहा। इसमें अदाणी ग्रुप की कंपनियों के कुल मार्केट की हिस्सेदारी 2.27% है।

Advertisement