रूस का बड़ा दावा: रातभर में यूक्रेन के 1,246 ड्रोन मार गिराए
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में ड्रोन हमलों को लेकर रूस ने बड़ा दावा किया है। रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने एक ही रात में यूक्रेन के 1,246 ड्रोन नष्ट किए। इसके साथ ही यूक्रेन के तीन क्षेत्रों में सैन्य साजो-सामान ले जाने वाले चार रेलवे इंजनों को भी निशाना बनाया गया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
- रूस ने रातभर में यूक्रेन के 1,246 ड्रोन नष्ट करने का दावा किया।
- ब्रियांस्क, बेलगोरोद समेत कई रूसी क्षेत्रों में ड्रोन मार गिराए गए।
- यूक्रेन के तीन क्षेत्रों में हथियार ले जा रहे चार रेलवे इंजन निशाने पर रहे।
Russia Claims 1,246 Ukrainian Drones Shot Down Overnight : रूसी रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि वायु रक्षा बलों ने रातभर चले अभियान में बड़ी संख्या में फिक्स्ड-विंग मानवरहित हवाई वाहनों (ड्रोन) को रोककर नष्ट किया। मंत्रालय के अनुसार, ये ड्रोन ब्रियांस्क, बेलगोरोद, कुर्स्क, ओरियोल, स्मोलेंस्क, वोरोनिश, कलुगा, तुला, रोस्तोव, वोल्गोग्राद, सारातोव और समारा क्षेत्रों में मार गिराए गए।
इसके अलावा क्रास्नोडार क्षेत्र, मॉस्को क्षेत्र, क्रीमिया और बशकिरिया में भी यूक्रेनी ड्रोन नष्ट करने का दावा किया गया है। रूस के इस दावे के बाद युद्ध में ड्रोन हमलों के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
यह भी पढ़े :मुख्यमंत्री भजनलाल ने महात्मा फुले को किया नमन, शिक्षा और समानता के योगदान को किया याद
रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक अन्य बयान में बताया कि उसकी सेना ने यूक्रेन के तीन क्षेत्रों में चार रेलवे इंजनों पर हमला किया। रूस का आरोप है कि इन इंजनों का इस्तेमाल हथियारों और सैन्य उपकरणों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा था।
मंत्रालय के मुताबिक, ये हमले निप्रॉपेट्रोव्स्क क्षेत्र के सिनेलनिकोवो, झितोमिर क्षेत्र के कोरोस्तेन और खार्कोव क्षेत्र के ल्युबोटिन में किए गए। रूस ने दावा किया कि इन कार्रवाइयों का निशाना सैन्य सामान की आवाजाही में इस्तेमाल होने वाला रेल नेटवर्क था।



