ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के जख्मी कार्यकर्ताओं से अस्पताल में मुलाकात की, कहा-बीजेपी राक्षसी पार्टी है

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के जख्मी कार्यकर्ताओं से अस्पताल में मुलाकात की। आपको बता दें कि त्रिपुरा में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता जख्मी हो गए थे। जिसके बाद ममता बनर्जी उनसे मिलने के लिए कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल पहुंचीं।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि हैरानी की बात यह है कि सब कुछ पुलिस के सामने हुआ और किसी तरह की चिकित्सकीय सहायता नहीं मुहैया कराई गई। भाजपा एक राक्षसी पार्टी है। असम से लेकर उत्तर प्रदेश तक हमें अंदर नहीं जाने दिया गया। अभिषेक को बुलेट पू्रफ गाड़ी मुहैया कराई गई थी वरना वह बुरी तरह से जख्मी हो जाते।

इसी बीच ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मैं त्रिपुरा में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर हुए हमले की निंदा करती हूं, जिसे केन्द्रीय गृह मंत्री के निर्देश पर अंजाम दिया गया। गुंडों को उसी फ्लाइट में बैठाया जा रहा था जिस पर अभिषेक सफर कर रहे थे… हम त्रिपुरा जीतेंगे।

गौरतलब है कि त्रिपुरा में तृणमूल कांग्रेस के 14 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जिसमें जख्मी कार्यकर्ता भी शामिल थे। हालांकि बाद में सभी कार्यकर्ताओं को जमानत मिल गई। तृणमूल ने आरोप लगाया था कि जो एक भाजपा कार्यकर्ताओं के कथित हमले में पार्टी कार्यकर्ता जख्मी हो गए थे।

यह भी पढ़ें-असम-मिजोरम सीमा विवाद : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा ने पीएम मोदी से की मुलाकात