
सवाईमाधोपुर। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे आपणी लाडो कार्यक्रम के तहत जिला मुख्यालय स्थित गीता देवी अग्रवाल राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय आदर्श नगर मे संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विद्यालय की संस्थाप्रधान सुमन भारती ने बताया कि संगोष्ठी में मुख्य अथिति के रूप में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दीपक शुक्ला एवं अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिनेश गुप्ता उपस्थित रहे।
अतिथियों ने सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिनेश गुप्ता ने विद्यालय की बालिकाओं से संवाद किया और उनसे जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढऩे को कहा। बालिकाओं ने भी अधिकारियों के समक्ष अपने मन की बात रखी। इस दौरान वरिष्ठ अध्यापक महेश मथुरिया, कनिष्ठ सहायक कोमल सिरोहिया आदि उपस्थित रहे।
खंडार। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खंडार में शनिवार को हमारी लाडो कार्यक्रम खंडार उपखंड अधिकारी बंशीधर योगी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा बालिकाओं से अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा किए गए।

साथ ही बालिकाओं का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें अपना केरियर चुनने तथा कठिन परिश्रम कर प्रशासनिक सेवाओं में जाने हेतु प्रेरित किया गया। गौरतलब है कि कलेक्टर राजेंद्र किशन द्वारा जिले में हमारी लाडो कार्यक्रम की मुहिम चलाई गई है। कलेक्टर की इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए खंडार एसडीएम द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिला कलेक्टर बंशीधर योगी द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष द्वीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस मौके पर उपखंड अधिकारी बंशीधर योगी ने बालिकाओं को अपना केरियर चयन करने तथा सतत् प्रयास कर कड़ी मेहनत से प्रशासनिक सेवाओं में जाने हेतु प्रेरित किया। साथ ही बालिकाओं से अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए बालिकाओं को प्रोत्साहित किया। वहीं प्रधानाचार्य राकेश कुमार गोस्वामी ने बालिकाओं को शिक्षा संबंधित सामान्य जानकारियां प्रदान की।
प्रधानाचार्य मॉडल स्कूल मुकेश कुमार गुप्ता ने बालिकाओं को शैक्षिक गतिविधियों में एकाग्रता के साथ कठोर परिश्रम व सतत प्रयास से मंजिल प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया। थानाधिकारी भगवान लाल ने विभिन्न संकाय चुनाव से अपना केरियर चयन करने के बारे में बताया। इस मौके पर गत वर्ष की प्रतिभावान बालिकाओं आस्था दाधीच, उर्वशी मथुरिया, आयुषी खटीक के अभिभावकों महेश कुमार दाधीच, राधेश्याम मथुरिया, जगदीश खटीक का उपखंड अधिकारी ने माला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालय की कक्षा 6 से 12 तक की बालिकाओं ने भाग लिया। इस मौके पर कार्यक्रम पर्यवेक्षक के रूप में रेड़ावद प्रधानाचार्य राकेश कुमार गोस्वामी, स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार गुप्ता, कार्यवाहक संस्था प्रधान राजीव कुमार, थानाधिकारी भगवान लाल, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से आरपी कमलेश तेहरिया, शिक्षक शिवदयाल मथुरिया, नागाराम मीणा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
बरवाड़ा में एसडीएम, शिक्षा अधिकारियों ने बालिकाओं को किया प्रेरित
चौथ का बरवाड़ा। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आपणी लाड़ो बालिका शिक्षा हेतु समुदाय जागृति कार्यक्रम राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय,ईसरदा,चौथ का बरवाड़ा में आयोजित किया गया। जिसमें स्थानीय विद्यालय में बालिकाओं को पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेता अवनि लेखरा की जीवनी एवं बालिकाओं को सकारात्मक माहौल एवं खेलों में रूचि को अभिप्रेरित करने के लिए उप जिला कलेक्टर राजेन्द्र सिंह द्वारा प्रेरित किया गया।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्रीमती ललिता मीना एवं स्थानीय विद्यालय के संस्था प्रधान लोकेश कुमार मीना द्वारा बालिकाओं को सकारात्मक प्रोत्साहित कर सम्पूर्ण ग्राम पंचायत में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जागृति रैली भी निकाली गई।
वजीरपुर में आपणी लाड़ो बालिका शिक्षा जागृति कार्यक्रम में निकाली रैली
वजीरपुर। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय वजीरपुर द्वारा आपणी लाड़ो बालिका शिक्षा जागृति कार्यक्रम के तहत रैली का आयोजन किया गया। यह रैली विद्यालय से मुख्य सड़क, बाजार होती हुई विद्यालय पहुंची। जिसमें एक बालिका पढ़ेगी सात पीढ़ी तरेगी का नारा विशेष रूप से लगाया गया। सरकार के निर्देश अनुसार इस रैली को निकाला गया। जिससे लोग बालिकाओं के प्रति जागरूक हो और बालिकाओं को शिक्षा दिलाने के लिए अग्रसर हो।
यह भी पढ़े-पं. दीनदयाल महान विचारक और एकात्म मानववाद के प्रेरणा स्त्रोत थे : तिवारी