दिल्ली-NCR की हवा फिर जहरीली, AQI 279 पर पहुंचा; कई इलाकों में हालात खराब
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण से लोगों को फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शनिवार सुबह राजधानी का औसत एक्यूआई 279 दर्ज किया गया, जबकि एम्स और चांदनी चौक समेत कई इलाकों में यह 300 के पार पहुंच गया। नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के शहरों में भी प्रदूषण का असर बना हुआ है। मौसम बदलने से स्थिति बिगड़ने की आशंका है।
- दिल्ली प्रदूषण: राजधानी का औसत AQI 279 दर्ज, हवा खराब श्रेणी में पहुंची।
- दिल्ली AQI: एम्स में 369 और चांदनी चौक में 365 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।
- दिल्ली-NCR की हवा: नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 343 पहुंचा, कई इलाकों में हवा बहुत खराब।
Delhi-NCR Air Pollution Worsens, AQI Hits 279; Several Areas Cross 300: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ाने लगा है। कुछ दिन पहले हवा की गुणवत्ता में मामूली सुधार के बाद अब प्रदूषण का स्तर दोबारा बढ़ने लगा है। शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 279 दर्ज किया गया। इसके साथ ही दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में बनी रही। कई इलाकों में स्थिति और चिंताजनक रही, जहां एक्यूआई 300 के पार पहुंच गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के एम्स इलाके में सबसे अधिक 369 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं, चांदनी चौक में यह आंकड़ा 365 रहा। इसके अलावा वजीरपुर में 332, आनंद विहार में 327, आईआईटी दिल्ली में 308 और बवाना में 304 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ। इन सभी इलाकों में हवा बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई।
राजधानी के दूसरे इलाकों में भी प्रदूषण का असर साफ दिखाई दिया। आरके पुरम में एक्यूआई 274, आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर 242, नजफगढ़ में 236, नरेला में 245 और द्वारका सेक्टर-8 में 241 दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही।
यह भी पढ़ें;राजस्थान में कड़ाके की ठंड की दस्तक, माउंट आबू में पारा 0 डिग्री पर पहुंचा
दिल्ली के साथ एनसीआर के शहरों में भी हालात राहत देने वाले नहीं हैं। शनिवार को नोएडा का औसत एक्यूआई 255 और गाजियाबाद का 244 दर्ज किया गया। ग्रेटर नोएडा में यह आंकड़ा 197 रहा। हालांकि, नोएडा के सेक्टर-62 में प्रदूषण ने ज्यादा परेशान किया, जहां एक्यूआई 343 तक पहुंच गया और हवा बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
क्या होता है AQI का मतलब?
वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI के जरिए हवा में प्रदूषण के स्तर को मापा जाता है। इसके अलग-अलग स्तरों को इस तरह समझा जा सकता है:
-
0 से 50: अच्छा
-
51 से 100: संतोषजनक
-
101 से 200: मध्यम
-
201 से 300: खराब
-
301 से 400: बहुत खराब
-
401 से 500: गंभीर
प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के पहले और दूसरे चरण की पाबंदियां लागू हैं। इससे पहले 17 नवंबर को हवा की गुणवत्ता में अस्थायी सुधार के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने तीसरे चरण की पाबंदियां हटा दी थीं। इसके बाद स्कूलों में सभी कक्षाओं के लिए ऑफलाइन पढ़ाई भी दोबारा शुरू कर दी गई थी।
मौसम में बदलाव को देखते हुए आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक, हवा की रफ्तार बढ़ने पर प्रदूषक कणों को फैलने में मदद मिल सकती है। लेकिन ठंड बढ़ने के साथ हवा धीमी हुई तो स्मॉग की समस्या और गंभीर हो सकती है।
इस बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी प्रदूषण नियंत्रण को लेकर संबंधित विभागों के साथ समीक्षा की है। उन्होंने सड़कों की नियमित सफाई, निर्माण स्थलों पर धूल रोकने और प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के लोगों को साफ हवा का इंतजार है। लगातार खराब होती वायु गुणवत्ता के बीच आने वाले दिनों में मौसम और सरकारी उपायों की भूमिका अहम रहने वाली है।



