पवार का खुलासा, कहा- सचिन ने ही 2007 में धोनी को कप्तानी के लिए सुझाव दिया था

Advertisement

पूर्व बीसीसीआई प्रेसिडेंट शरद पवार ने कहा है कि सचिन तेंदुलकर ने ही 2007 में महेंद्र सिंह धोनी का नाम कप्तानी के लिए सुझाया था। 2005 से लेकर 2008 तक 3 साल अध्यक्ष रहे पवार ने कहा कि बोर्ड के पास ऑप्शन नहीं थे।

तत्कालीन कप्तान राहुल द्रविड़ ने भी कप्तानी से मना कर दिया और सचिन खुद भी कप्तानी को तैयार नहीं थे। इसके बाद धोनी को कप्तानी सौंपी गई थी। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 टी-20 वल्र्ड कप जीता था।

पवार ने कहा कि मुझे याद है कि 2007 में भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर थी। राहुल द्रविड़ टीम की कमान संभाल रहे थे। मैं भी उस वक्त इंग्लैंड में ही था। तब द्रविड़ मेरे पास आए थे। उन्होंने मुझसे कहा कि वे अब टीम की कप्तानी नहीं करना चाहते।

द्रविड़ ने कहा कि कप्तानी से उनकी बल्लेबाजी पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें कप्तानी से छुट्टी दे दी जाए। मैंने इसके बाद सचिन से बात की और उन्हें कप्तानी करने को कहा। पर उन्होंने भी मना कर दिया।

पवार ने कहा, इसके बाद मैंने सचिन से कहा कि अगर आप और द्रविड़ टीम को लीड नहीं करेंगे, तो टीम कैसे चलेगी। इसके बाद सचिन ने मुझसे कहा कि टीम में एक और खिलाड़ी है जो देश का नेतृत्व कर सकता है। उसका नाम महेंद्र सिंह धोनी है। इसके बाद हमने कप्तानी धोनी को सौंप दी थी। 2007 वल्र्ड कप में हार के बाद से कप्तानी भारत के लिए परेशानी बन गई थी।