
30 तक यात्रा पर ही रहेंगे राहुल: जयराम रमेश
नई दिल्ली। राहुल गांधी ने यह साफ कर दिया है कि वे कांगे्रस के अध्यक्ष नहीं बनेंगे। इससे राहुल के अध्यक्ष बनने की संभावनाओं पर पूर्ण विराम लग गया है और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अध्यक्ष बनने की अटकलें और तेज हो गई हैं। इसी पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी नामांकन के दौरान भारत जोड़ो यात्रा पर रहेंगे और वे दिल्ली नहीं जाएंगे। रमेश के इस बयान के बाद यह तय हो गया है कि राहुल पार्टी के अध्यक्ष पद की कमान नहीं संभालेंगे। वे 30 सितम्बर तक यात्रा पर रहेंगे।
राहुल 23 को सोनिया से मिलेंगे, नए अध्यक्ष के नाम पर चर्चा संभव
राहुल गांधी 23 सितंबर को भारत जोड़ो यात्रा से ब्रेक लेकर दिल्ली आएंगे। रमेश ने कहा कि राहुल अपनी मां सोनिया से मिलेंगे। रिपोट्र्स के मुताबिक राहुल इस दौरान सोनिया से नए अध्यक्ष के नाम को लेकर चर्चा कर सकते हैं। सोनिया गांधी ने 20 सितंबर को संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को केरल से वापस बुलवाया था।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन 24 सितंबर से 30 सितंबर तक दिल्ली मुख्यालय में होगा। कैंडिडेट को फेस-टु-फेस नामांकन फाइल करना होगा। जयराम रमेश के मुताबिक राहुल गांधी 24 सितंबर से 30 सितंबर तक भारत जोड़ो यात्रा पर रहेंगे। इस बीच वे दिल्ली नहीं जाएंगे।
24 साल बाद गैर-गांधी के हाथ में जाएगी कांग्रेस की कमान
राहुल के चुनाव नहीं लडऩे के बाद कांग्रेस की कमान गैर-गांधी के हाथ में जाना तय माना जा रहा है। 1998 में सीताराम केसरी को हटाकर सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष चुनी गई थीं। उसके बाद 2017 में राहुल कांग्रेस अध्यक्ष बने थे, लेकिन 2019 में उन्होंने पद छोड़ दिया था। 2019 के बाद से सोनिया अंतरिम तौर पर कांग्रेस की कमान संभाल रही हैं, लेकिन हेल्थ इश्यू की वजह से उन्होंने अध्यक्ष बनने से इनकार कर दिया है।
यह भी पढ़ें : कांगे्रस अध्यक्ष के लिए गहलोत का नाम आगे