
उत्तर भारत में बर्फबारी और वहां से आ रही सर्द हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा दी। राजस्थान के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई। सीकर के फतेहपुर में सोमवार को सीजन की सबसे सर्द रात रही।
न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, चूरू में आज न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 2-3 दिन में उत्तरी राजस्थान में सर्दी का असर और ज्यादा बढ़ सकता है। कुछ जिले शीत लहर की चपेट में आ सकते हैं।

फतेहपुर व आसपास के इलाकों में तेज सर्दी के कारण फसलों पर भी ओस की बूंद जम गई। वहीं सुबह-सुबह हल्की धुंध भी रही। फतेहपुर के अलावा सीकर, चूरू, झुंझुनूं, हनुमानगढ़, गंगानगर में तापमान गिरने के साथ ही सर्द हवाएं भी चली। शेखावाटी अंचल के जिलों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। गंगानगर, हनुमानगढ़ बेल्ट में भी सुबह हल्का कोहरा रहा।
उत्तरी राजस्थान के अलावा दक्षिण और पूर्वी राजस्थान के जिलों में भी तापमान में गिरावट देखने को मिली। उदयपुर, डूंगरपुर में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। जयपुर में भी आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंच गया।