शिल्पग्राम में गणगौर कला महोत्सव शुरू, राज्यपाल ने सराही राजस्थान की लोक संस्कृति

जयपुर के जवाहर कला केंद्र स्थित शिल्पग्राम में गणगौर कला महोत्सव का शुभारंभ राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कला प्रदर्शनी देखी और राजस्थान की समृद्ध लोक परंपराओं की सराहना की। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। राज्यपाल ने लोकगीत, लोकनाट्य और पारंपरिक नृत्यों को सहेजने के साथ सांस्कृतिक विरासत आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

  • शिल्पग्राम में गणगौर कला महोत्सव का राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने किया शुभारंभ।
  • उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी भी समारोह में रहीं मौजूद।
  • मांड गायकी, गवरी, घूमर और गैर जैसी लोक परंपराओं को सहेजने पर जोर।

Governor Haribhau Bagde Inaugurates Gangaur Art Festival in Jaipur : राजस्थान की लोक संस्कृति, कला और परंपराओं को मंच देने के उद्देश्य से जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम में गणगौर कला महोत्सव की शुरुआत हुई। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कलाकारों की प्रस्तुतियों व राजस्थान की पारंपरिक कलाओं की सराहना की। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी भी मौजूद रहीं।

शिल्पग्राम में गणगौर कला महोत्सव शुरू, राज्यपाल ने सराही राजस्थान की लोक संस्कृति
Image Source : Via dipr

राज्यपाल ने राजस्थानी भाषा में अपने विचार रखते हुए कहा कि राजस्थान की पहचान गणगौर जैसी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी हुई है। यहां की धरती ने अनेक बार प्राकृतिक चुनौतियों और अकाल का सामना किया, लेकिन प्रदेश की उत्सवधर्मिता और सांस्कृतिक चेतना कभी कमजोर नहीं पड़ी। अभावों के बीच भी राजस्थान ने अपनी कला, लोक परंपराओं और जीवनशैली को जीवंत बनाए रखा है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की पहचान केवल उसके ऐतिहासिक स्मारकों और पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की लोक गायकी, नृत्य और लोकनाट्य भी इसकी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

यह भी पढ़े : प्रवासी राजस्थानी दिवस में मलेशिया से आएगा 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, 200 करोड़ के निवेश पर नजर

राज्यपाल ने ‘पधारो म्हारे देस’ की आत्मीय मनुहार, मांड जैसी विशिष्ट लोक गायकी और गवरी, रम्मत तथा नौटंकी जैसी लोकनाट्य परंपराओं को संरक्षित करने की जरूरत बताई। उन्होंने घूमर, गैर और गींदड़ जैसे पारंपरिक नृत्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।

गणगौर कला महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बागडे ने कहा कि राजस्थान की संस्कृति में भक्ति और शक्ति का अनूठा संगम दिखाई देता है। प्रदेश के कण-कण में त्याग, तपस्या और बलिदान की गाथाएं समाई हुई हैं। इन परंपराओं से प्रेरणा लेकर राजस्थान के विकास और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।

महोत्सव के आयोजन से प्रदेश की पारंपरिक कला और लोक संस्कृति को मंच मिलने के साथ कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button