प्रवासी राजस्थानी दिवस में मलेशिया से आएगा 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, 200 करोड़ के निवेश पर नजर

जयपुर में 10 दिसंबर को होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस में मलेशिया से करीब 20 प्रवासी राजस्थानी और उद्यमी शामिल होंगे। राजस्थान फाउंडेशन मलेशिया चैप्टर के अध्यक्ष आकाश कोठारी के नेतृत्व में आने वाला यह प्रतिनिधिमंडल प्रदेश में निवेश, रोजगार, शिक्षा और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाएगा। चैप्टर के प्रयासों से करीब 200 करोड़ रुपये के निवेश संबंधी एमओयू हुए हैं।

  • प्रवासी राजस्थानी दिवस में मलेशिया से 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल लेगा हिस्सा।
  • आकाश कोठारी के नेतृत्व में करीब 200 करोड़ रुपये के निवेश संबंधी एमओयू।
  • राजस्थान में मेटल रीसाइक्लिंग, सौर ऊर्जा, पर्यटन और विनिर्माण में निवेश की तैयारी।

Malaysia Delegation to Attend Pravasi Rajasthani Diwas with ₹200 Crore Investment Focus : राजस्थान की मिट्टी से दूर रहकर विदेशों में कारोबार करने वाले प्रवासी राजस्थानी अब अपनी जन्मभूमि के विकास में भी भागीदारी बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। आगामी 10 दिसंबर को जयपुर में आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस में मलेशिया से करीब 20 प्रवासी राजस्थानियों और उद्यमियों का प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा। राजस्थान फाउंडेशन मलेशिया चैप्टर के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय उद्योगपति आकाश कोठारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल के आने की तैयारी चल रही है। इसे लेकर मलेशिया में बसे राजस्थानी समाज और कारोबारी जगत में खासा उत्साह है।

आकाश कोठारी ने जलतेदीप को दूरभाष पर बताया कि मलेशिया चैप्टर का उद्देश्य विदेशों में रह रहे राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जोड़े रखना और प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसी दिशा में चैप्टर के प्रयासों से राजस्थान सरकार के साथ करीब 200 करोड़ रुपये के निवेश संबंधी समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुए हैं। इन प्रस्तावों के जरिए प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की योजना है।

यह भी पढ़े :जयपुर में खुली मनोरंजन की नई दुनिया, पैसिफिक मॉल में शुरू हुआ Zingverse

उन्होंने बताया कि मलेशिया और अन्य आसियान देशों में काम कर रहे राजस्थानी उद्यमियों के पास अंतरराष्ट्रीय व्यापार, आधुनिक तकनीक और औद्योगिक प्रबंधन का अच्छा अनुभव है। इस अनुभव और निवेश क्षमता का लाभ राजस्थान को मिल सकता है। इसके लिए उद्योगों के साथ शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी काम किया जा रहा है।

कोठारी के अनुसार, मलेशिया चैप्टर ने राजस्थान में करीब 1.5 करोड़ रुपये की स्कूल विकास परियोजना के माध्यम से शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की पहल की है। उनका मानना है कि प्रवासी राजस्थानियों को निवेश के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और ग्रामीण उत्थान में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

राजस्थान में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कोठारी ने मेटल रीसाइक्लिंग, स्टेनलेस स्टील, कॉपर प्रोसेसिंग, सौर ऊर्जा, पर्यटन, होटल उद्योग, विनिर्माण और औद्योगिक आधारभूत संरचना को महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया। उन्होंने कहा कि विदेशी और प्रवासी निवेशकों को आकर्षित करने के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था को प्रभावी बनाना होगा। साथ ही भूमि आवंटन की प्रक्रिया सरल करने, प्रतिस्पर्धी बिजली दरें उपलब्ध कराने और सरकारी स्वीकृतियां तय समय में देने की जरूरत है।

यह भी पढ़े : आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जयंती समारोह में प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन

उन्होंने प्रवासी राजस्थानी निवेशकों की समस्याओं और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशेष एनआरआर निवेश सहायता प्रकोष्ठ बनाने का सुझाव भी दिया। इससे विदेशों में बैठे उद्यमियों को राजस्थान में कारोबार शुरू करने और निवेश संबंधी प्रक्रियाओं में मदद मिल सकेगी।

राजस्थान फाउंडेशन मलेशिया चैप्टर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सामाजिक सेवा और सामुदायिक आयोजनों के जरिए प्रवासी राजस्थानियों को एक मंच पर लाने का काम कर रहा है। कोठारी ने कहा कि राजस्थान और मलेशिया के बीच व्यापारिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने के लिए नियमित व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल, निवेशक सम्मेलन और औद्योगिक संवाद आयोजित किए जाने चाहिए।

Related Articles

Back to top button