चिकित्सा की डिग्री के साथ बढ़ी समाज के प्रति जिम्मेदारी : मुख्य सचिव
जयपुर के महात्मा गांधी चिकित्सा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नौवें दीक्षांत समारोह में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने विद्यार्थियों को सेवा और समर्पण का संदेश दिया। समारोह में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विज्ञान के विभिन्न विषयों में 26 स्वर्ण पदक और 350 से अधिक उपाधियां प्रदान की गईं। उन्होंने अनुसंधान, रोगी देखभाल और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
- महात्मा गांधी मेडिकल यूनिवर्सिटी का नौवां दीक्षांत समारोह आयोजित।
- मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने चिकित्सा सेवा को बताया बड़ी जिम्मेदारी।
- 26 स्वर्ण पदक और 350 से अधिक विद्यार्थियों को मिली उपाधियां।
Medical Degrees Bring Greater Social Responsibility: Chief Secretary : चिकित्सा के क्षेत्र में उच्च शिक्षा और विशेषज्ञता हासिल करना बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इसके साथ मरीजों और समाज के प्रति जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। चिकित्सा पेशे को केवल डिग्री और विशेषज्ञता तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसमें सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण का भाव भी जरूरी है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रविवार को महात्मा गांधी चिकित्सा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नौवें दीक्षांत समारोह में यह बात कही।

सीतापुरा स्थित विश्वविद्यालय परिसर के आर.एल. स्वर्णकार सभागार में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्य सचिव ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और स्वर्ण पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा में हासिल की गई सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत, कठिन प्रशिक्षण, शोध और निरंतर अध्ययन की भूमिका होती है। अब इस ज्ञान का उपयोग समाज और जरूरतमंद मरीजों के हित में करना विद्यार्थियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़े : जयपुर की सड़कों पर दौड़े 15,500 लोग, 20 लाख भोजन का संकल्प
श्रीनिवास ने विश्वविद्यालय के संस्थापक डॉ. एम.एल. स्वर्णकार के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने चिकित्सा शिक्षा और बेहतर रोगी सेवाओं के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण संस्थान की स्थापना की है। ऐसे संस्थान चिकित्सा क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रबंधन, शिक्षकों और शैक्षणिक समुदाय को भी चिकित्सा शिक्षा एवं रोगी देखभाल के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है।
समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. विकास चंद्र स्वर्णकार ने की। प्रख्यात मस्तिष्क एवं तंत्रिका शल्य चिकित्सक डॉ. भवानी शंकर शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विज्ञान के विभिन्न विषयों में कुल 26 स्वर्ण पदक और 350 से अधिक उपाधियां प्रदान की गईं। इस दौरान विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



