जयपुर की सड़कों पर दौड़े 15,500 लोग, 20 लाख भोजन का संकल्प

जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष के उत्सव के बीच 11वीं वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दौड़ को हरी झंडी दिखाई। ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु रहीं इवेंट एंबेसडर। अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के रन फॉर जीरो हंगर अभियान के तहत हर किलोमीटर को भोजन से जोड़ने की पहल की गई।

  • जयपुर में 11वीं वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन, 15,500 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा।
  • मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिखाई हरी झंडी, पीवी सिंधु बनीं इवेंट एंबेसडर।
  • रन फॉर जीरो हंगर अभियान के तहत 20 लाख भोजन का संकल्प जुटाया गया।

15,500 Join Jaipur Pink City Half Marathon: जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर के 300वें वर्ष में प्रवेश के उत्सव के बीच रविवार को शहर की सड़कों पर उत्साह, फिटनेस और सामाजिक सरोकार का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां आयोजित 11वीं वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन में करीब 15,500 लोगों ने भाग लेकर दौड़ को यादगार बनाया।

फिनोवा कैपिटल के समर्थन से आयोजित इस मैराथन का आयोजन ‘एनीबॉडी कैन रन’ (एबीसीआर) ने किया। इसमें 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर की कूल रन और 5 किलोमीटर की ड्रीम रन श्रेणियां रखी गईं। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और पद्म भूषण सम्मानित पीवी सिंधु इस आयोजन की एंबेसडर रहीं। उन्होंने दक्षिण-पश्चिम कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत के साथ प्रतिभागियों को रवाना किया।

हर किलोमीटर के साथ भोजन की पहल

मैराथन का प्रमुख उद्देश्य वेदांता समूह की सामाजिक प्रभाव इकाई अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के ‘रन फॉर जीरो हंगर’ अभियान को आगे बढ़ाना रहा। इस पहल के तहत प्रतिभागियों की तय की गई प्रत्येक किलोमीटर की दूरी के बदले जरूरतमंद बच्चों या पशुओं के लिए एक भोजन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया जाता है। जयपुर आयोजन में सभी धावकों के सामूहिक प्रयास से 20 लाख भोजन का संकल्प जुटाया गया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करते हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया विजन को भी मजबूती देते हैं। उन्होंने सामाजिक-आर्थिक विकास में अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के योगदान की सराहना की।

यह भी पढ़ें:आनंदमय जीवन के लिए मन की शांति जरूरी : राज्यपाल बागडे

सिंधु ने बताया हर कदम का महत्व

वेदांता की नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और हिंदुस्तान जिंक की चेयरपर्सन प्रिया अग्रवाल हेब्बर ने कहा कि खेल लोगों को एक मंच पर लाने के साथ उन्हें अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री का सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि इस अभियान की खासियत यह है कि पहली बार दौड़ने वाला व्यक्ति भी किसी जरूरतमंद तक भोजन पहुंचाने में योगदान दे सकता है।

पीवी सिंधु ने कहा कि चाहे कोई पहली बार पांच किलोमीटर दौड़ रहा हो या हाफ मैराथन में बेहतर प्रदर्शन का प्रयास कर रहा हो, हर प्रतिभागी का योगदान महत्वपूर्ण है। गति से ज्यादा मायने इस बात का है कि हर किलोमीटर किसी जरूरतमंद के लिए भोजन जुटाने में मददगार बन रहा है।

राजस्थान में वेदांता की मौजूदगी

कार्यक्रम में वेदांता लिमिटेड के ग्रुप सीईओ अरुण मिश्रा और हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वेदांता ऑयल एंड गैस राजस्थान के बाड़मेर क्षेत्र में काम कर रही है। कंपनी के अनुसार, उसके संचालन से ऊर्जा उत्पादन के साथ स्थानीय रोजगार, आपूर्ति शृंखला और क्षेत्रीय कारोबार को भी बढ़ावा मिला है।

मैराथन के जरिए स्वास्थ्य, पोषण, सामुदायिक विकास और पशु कल्याण जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता मिली। आयोजन ने यह संदेश दिया कि खेलों के माध्यम से फिटनेस के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button