परिसीमन विधेयक पर विपक्षी एकजुटता की कवायद, स्टालिन-पवार से मिलेंगे राहुल और खड़गे
परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी गठबंधन में उभर रही असहमति दूर करने के लिए कांग्रेस ने संपर्क अभियान तेज कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविवार को डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और एनसीपी-एसपी अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात कर प्रस्तावित विधेयक पर विपक्षी रणनीति को मजबूत बनाने और सहयोगियों के बीच सहमति कायम करने का प्रयास करेंगे।
- परिसीमन विधेयक पर नाराज विपक्षी सहयोगियों को साधने में जुटी कांग्रेस।
- राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी की एमके स्टालिन से मुलाकात प्रस्तावित।
- शरद पवार से चर्चा कर संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्षी रणनीति बनाने की कोशिश।
संसद सत्र से पहले कांग्रेस का संपर्क अभियान
Congress Steps Up Talks to Unite Opposition on Delimitation Bill: संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक के भीतर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने विधेयक पर सहयोगी दलों के बीच मतभेद दूर करने और साझा रणनीति तैयार करने के लिए शीर्ष नेताओं से बातचीत का सिलसिला शुरू किया है। रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में विपक्ष के वरिष्ठ नेता डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और एनसीपी-एसपी अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी रविवार को चेन्नई पहुंच सकते हैं। यहां दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच एमके स्टालिन के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद विपक्षी नेता मुंबई रवाना होंगे, जहां रात करीब 9 बजे शरद पवार से मुलाकात की संभावना जताई जा रही है।
विधेयक पर सहयोगियों के अलग-अलग रुख
केंद्र सरकार संसद के विशेष सत्र में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 पेश करने की तैयारी में है। प्रस्ताव में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने, सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि तथा 2051 तक परिसीमन प्रक्रिया को फ्रीज करने जैसे प्रावधान बताए गए हैं।
विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के रुख में अंतर सामने आया है। डीएमके ने केंद्र की ओर से एमके स्टालिन की मांगों को स्वीकार किए जाने का हवाला देते हुए विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है। वहीं, एनसीपी-एसपी में भी इस मुद्दे पर अलग-अलग बयान सामने आए हैं। पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड ने समर्थन की बात कही, जबकि सुप्रिया सुले ने स्पष्ट किया कि पार्टी ने अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया है। ऐसे में कांग्रेस की बैठकों को विशेष सत्र से पहले विपक्षी सहमति बनाने की अहम कोशिश माना जा रहा है।



