दिल्ली में आग का कहर: विश्वास नगर में 4 लोगों की मौत, दो झुलसे
दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में रविवार तड़के घर में लगी आग ने चार लोगों की जान ले ली, जबकि दो लोग झुलस गए। दमकलकर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान छह लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस आग के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में भी आग लगने की घटना सामने आई, हालांकि वहां कोई जनहानि नहीं हुई। -
- दिल्ली के विश्वास नगर में घर में आग लगने से चार लोगों की मौत, दो घायल।
- दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
- वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में भी आग, जनहानि की खबर नहीं।
Four Dead in Delhi House Fire, Two Injured: नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रविवार तड़के आग की दो घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी। शाहदरा जिले के विश्वास नगर इलाके में एक घर में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए। दूसरी घटना उत्तर-पश्चिम दिल्ली के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री में हुई, जहां आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।
विश्वास नगर में यह घटना फर्श बाजार थाना क्षेत्र के यूनिटी मॉल के पास गली नंबर 11 में हुई। अधिकारियों के अनुसार, करीब 60 वर्ग गज में बने मकान के ग्राउंड फ्लोर पर ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन संचालित था। आग लगने की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान घर से छह लोगों को बाहर निकालकर हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए। पुलिस के अनुसार, घायलों की हालत स्थिर बताई गई है।
यह भी पढ़ें:परिसीमन विधेयक पर विपक्षी एकजुटता की कवायद, स्टालिन-पवार से मिलेंगे राहुल और खड़गे
डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और दो घायलों को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
वजीरपुर फैक्ट्री में भी लगी आग
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बी-85 में प्लास्टिक के सैनिटरी आइटम बनाने वाली फैक्ट्री में भी आग लग गई। दिल्ली फायर सर्विस को सुबह आग की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल गाड़ियां, पानी के टैंकर और क्विक रिस्पॉन्स वाहन मौके पर भेजे गए।
करीब 200 वर्ग गज में बनी फैक्ट्री की ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल आग की चपेट में आ गई थी। परिसर में कार्डबोर्ड के डिब्बे भी रखे हुए थे। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के बाद अभियान पूरा किया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।



