राजस्थान में चुनाव प्रबंधन की सराहना, मतदान प्रतिशत में भी बढ़ोतरी

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह से मुलाकात कर नगरीय निकाय और पंचायतीराज चुनावों के सफल संचालन पर आयोग की टीम को बधाई दी। ‘एक राज्य, एक चुनाव’ की भावना के तहत अपनाई गई व्यवस्था, तकनीकी नवाचारों और बेहतर प्रशासनिक समन्वय की चर्चा हुई। प्रदेश में तीनों चुनावों के मतदान प्रतिशत में भी वृद्धि दर्ज की गई।

  • एक राज्य, एक चुनाव: राजस्थान में निकाय चुनाव दो और पंचायतीराज चुनाव चार चरणों में हुए।
  • मतदान प्रतिशत बढ़ा: निकाय चुनाव में 73.56 और ग्राम पंचायत चुनाव में 83.72 प्रतिशत मतदान।
  • डिजिटल नवाचार: दौसा बॉट, ऑनलाइन वाहन अनुमति और क्यूआर कोड से निर्वाचन प्रक्रिया हुई आसान।

Rajasthan Election Management Praised, Voter Turnout Rises : राजस्थान में नगरीय निकाय और पंचायतीराज चुनावों के प्रबंधन में अपनाए गए नवाचारों और शांतिपूर्ण मतदान की मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सराहना की है। रविवार को शासन सचिवालय स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में उन्होंने राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान चुनावों के सफल संचालन के लिए आयोग और उसकी पूरी टीम को बधाई दी।

मुलाकात में ‘एक राज्य, एक चुनाव’ की अवधारणा के तहत राजस्थान में अपनाई गई चुनाव व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों और पंचायतीराज चुनाव चार चरणों में संपन्न कराए गए। इस व्यवस्था से मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने और उपलब्ध प्रशासनिक संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद मिली।

चुनावों में मतदाताओं की भागीदारी भी बढ़ी है। नगरीय निकाय चुनाव में मतदान प्रतिशत पिछली बार के 71.84 से बढ़कर 73.56 हो गया। इसी तरह ग्राम पंचायत चुनाव में मतदान 82.86 से बढ़कर 83.72 प्रतिशत और जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनाव में 63.66 से बढ़कर 67.78 प्रतिशत दर्ज किया गया।

यह भी पढे : डिग्री से मिलेगा मौका, पहचान स्किल से बनेगी: राजनाथ सिंह

मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोग ने कई जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए। इनमें ‘एक शाम लोकतंत्र के नाम’ और ‘एक दीप लोकतंत्र के नाम’ के साथ निबंध प्रतियोगिता, काव्यपाठ, रंगोली और मतदाता संवाद जैसे आयोजन शामिल रहे।

निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के लिए तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया। दौसा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ‘दौसा बॉट’ के जरिए 1,142 अधिकारियों और कर्मचारियों के 16,762 सवालों के जवाब दिए गए। जयपुर में वाहन अनुमति की ऑनलाइन व्यवस्था लागू की गई, जबकि चूरू और राजसमंद में वेबसाइट तथा क्यूआर कोड के माध्यम से चुनावी सामग्री उपलब्ध कराई गई।

यह भी पढे :जयपुर पुलिस को मिले 10 नए पेट्रोलिंग वाहन, गश्त होगी तेज

इसके अलावा अभ्यर्थियों को नामांकन से पहले जरूरी दस्तावेजों और प्रक्रियाओं की जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई। हनुमानगढ़ और सवाईमाधोपुर में रिटर्निंग अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों की दक्षता जांची गई। अलवर में कार्मिक कल्याण पोर्टल के माध्यम से चुनाव ड्यूटी के लिए कर्मचारियों की उपलब्धता और उनके मानदेय एवं भत्तों के भुगतान की निगरानी की गई।

आयोग ने प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की।

मुख्य सचिव ने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, पुलिस, पर्यवेक्षकों, मतदान दलों और अन्य कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान और लोकतंत्र के प्रति सक्रिय भागीदारी के लिए प्रदेश के मतदाताओं का भी आभार जताया। इस दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button