डिग्री से मिलेगा मौका, पहचान स्किल से बनेगी: राजनाथ सिंह
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में युवाओं को करियर और भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि डिग्री नौकरी का पहला अवसर दिला सकती है, लेकिन आगे की पहचान कौशल और सीखने की क्षमता से बनेगी। युवाओं को अपनी रुचि पहचानकर नए रास्ते तलाशने चाहिए और चुनौतियों से नहीं घबराना चाहिए।
- राजनाथ सिंह बोले- डिग्री से पहला अवसर मिलेगा, आगे स्किल बनाएगी पहचान।
- युवाओं को संदेश अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर चुनें।
- मेक इन इंडिया और इंटर्नशिप योजना से युवाओं के लिए खुल रहे रोजगार और अनुभव के नए अवसर।
Rajnath Singh: Skills Define Your Identity, Not Degrees : नौकरी की दुनिया में कदम रखते समय डिग्री भले ही पहला अवसर दिला दे, लेकिन लंबे समय तक आपकी पहचान आपके हुनर और सीखने की क्षमता से ही बनेगी। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को यह संदेश दिया।
उन्होंने युवाओं से कहा कि जीवन में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए नए रास्ते तलाशने से पीछे नहीं हटना चाहिए। कई बार इन रास्तों पर अकेले भी चलना पड़ सकता है, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है। अपनी रुचि और क्षमता को समझकर उसी दिशा में आगे बढ़ना सफलता की राह आसान कर सकता है।
यह भी पढे : मोदी-मुर्मु को नेपाल की दो खास धरोहरें भेंट करेंगे बालेन्द्र शाह
राजनाथ सिंह ने कहा कि आज विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनके हाथों में डिग्री है और सामने संभावनाओं से भरा नया संसार है। मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के दम पर वे अपने लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिग्री को ही अपनी पहचान मानने के बजाय अपने कौशल को लगातार निखारने पर ध्यान देना चाहिए।
रक्षामंत्री ने युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई सरकारी पहलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया के जरिए देश में रोजगार के नए अवसर तैयार करने की पहल की गई है। प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के माध्यम से युवाओं को बड़ी कंपनियों में काम करने और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का मौका मिल रहा है।
उन्होंने अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य देश में शोध और नवाचार को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कौशल विकास का मजबूत इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।



