मोदी-मुर्मु को नेपाल की दो खास धरोहरें भेंट करेंगे बालेन्द्र शाह

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह अपनी भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को दो ऐतिहासिक प्रतिमाएं उपहार में देंगे। इन प्रतिमाओं का संबंध नेपाल की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से है। रातो मच्छिंद्रनाथ और चारुमती विहार से जुड़ी ये धरोहरें भारत-नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत रिश्तों की झलक पेश करेंगी।

  • बालेन्द्र शाह भारत यात्रा में पीएम मोदी को रातो मच्छिंद्रनाथ की प्रतिमा देंगे।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को चारुमती विहार से जुड़ी ऐतिहासिक प्रतिमा मिलेगी।
  • भारत-नेपाल संबंधों की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा विशेष महत्व।

Nepal PM to Gift Two Heritage Statues to Modi and Murmu : नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह अपनी दो दिवसीय राजकीय भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के ऐतिहासिक रिश्तों की झलक पेश करने जा रहे हैं। इस यात्रा में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को नेपाल की दो महत्वपूर्ण धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़ी प्रतिमाएं भेंट करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रातो मच्छिंद्रनाथ की प्रतिमा उपहार में दी जाएगी। नेपाल में रातो मच्छिंद्रनाथ को धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक पहचान का भी प्रमुख प्रतीक माना जाता है। उनकी परंपरा का संबंध भारत के असम स्थित कामाख्या क्षेत्र से भी जुड़ा है।

नेपाल की पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, लिच्छवि राजा नरेंद्रदेव रातो मच्छिंद्रनाथ को तत्कालीन कामरूप क्षेत्र से काठमांडू घाटी लेकर आए थे। मान्यता है कि उस समय लंबे समय तक बारिश नहीं होने से घाटी में अकाल जैसे हालात बन गए थे। मच्छिंद्रनाथ के आगमन के बाद बारिश हुई और लोगों को राहत मिली।

यह भी पढे : जयपुर पुलिस को मिले 10 नए पेट्रोलिंग वाहन, गश्त होगी तेज

वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को प्रधानमंत्री शाह काठमांडू के चाबहिल स्थित चारुमती विहार से जुड़ी प्रतिमा भेंट करेंगे। इस ऐतिहासिक विहार का संबंध मौर्य सम्राट अशोक और उनकी बेटी चारुमती से माना जाता है।

परंपरागत कथाओं के मुताबिक, सम्राट अशोक अपनी बेटी चारुमती के साथ काठमांडू घाटी पहुंचे थे। बाद में चारुमती का विवाह स्थानीय राजकुमार देवपाल से हुआ। वह देवपाटन क्षेत्र में रहने लगीं और इसी इलाके में विहार का निर्माण करवाया। मान्यता है कि उनका जीवन भी इसी क्षेत्र से जुड़ा रहा।

गौरतलब है कि इससे पहले नेपाल के प्रधानमंत्री भारत यात्रा के दौरान भगवान पशुपतिनाथ मंदिर की प्रतिकृति उपहार में देते रहे हैं। इस बार दो अलग-अलग ऐतिहासिक विरासतों का चयन भारत और नेपाल के साझा धार्मिक एवं सांस्कृतिक इतिहास को रेखांकित करता है।

Related Articles

Back to top button