
लुटेरी दुल्हन… पुलिस ने कहा-पंडित को पकड़ो
देहरादून । सोनम कपूर और राजकुमार राव अभिनीत फिल्म ‘डॉली की डोलीÓ की कहानी की तर्ज पर दून का एक परिवार भी ठगी का शिकार हो गया। पंडित ने रिश्ता करवाया, मंदिर में शादी हुई और रात में दुल्हन जेवर लेकर लापता हो गई। परिवार को न तो दुल्हन का घर पता है और न ठीक से नाम। पुलिस को तहरीर दी तो बात पंडित पर आकर अटक गई कि वही बताएंगे दुल्हन कहां गई।

वर्ष 2015 में आई फिल्म डॉली की डोली खासी पसंद की गई थी। इसमें अभिनेत्री सोनम कपूर ने दुल्हन की भूमिका निभाई थी। अपने गिरोह के साथ अमीर लोगों के साथ रिश्ता तय किया जाता है और रात में सारा सामान लेकर दुल्हन व उसके साथी भाग जाते हैं। देहरादून में भी इसी तरह के एक गिरोह ने एक परिवार को शिकार बना लिया। फर्क सिर्फ इतना है कि यहां अमीर परिवार नहीं बल्कि एक मजदूरी करने वाले परिवार का जोड़ा ठगा गया। घटना झाझरा क्षेत्र के आकाश कुमार के परिवार के साथ हुई।
आकाश की बहन पूनम का कहना है कि क्षेत्र का एक पंडित रिश्ते करवाता है। उसने पिंकी नाम की लड़की का रिश्ता बताया था। सोमवार को पिंकी और उसके कथित बहन व जीजा आदि उनके घर आए। यहां आकाश को पिंकी और पिंकी को आकाश पसंद आ गए। मंगलवार को सुद्धोवाला स्थित शिव मंदिर में दोनों की परिवारों की मौजूदगी में शादी हुई और शाम के समय दावत चली। आकाश मजदूरी करते हैं। उनके परिवार ने अपनी बहू पिंकी को चांदी का गले का सेट, पायल, कान के झुमके आदि भेंट किए थे। रात में सब खाना खाकर सो गए।
सुबह जब आंख खुली तो सभी हक्के-बक्के रह गए। पिंकी लुटेरी दुल्हन निकली। यहां लूट तो नहीं हुई पर वह परिवार का जोड़ा हुआ सारा धन लेकर चंपत हो गई। आकाश की बहन ने बताया कि उन्होंने झाझरा चौकी में घटना की शिकायत की है। चौकी प्रभारी ने कहा कि पंडित को ढूंढ़ो और उस पर सामान लौटाने का दबाव बनाओ।