महिला कांस्टेबल ने बगैर मास्क लगाए युवक को टोका तो नाक पर घूंसा दे मारा

जयपुर के सार्वजनिक पार्क में अपनी ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल ने बगैर मास्क लगाए युवक को टोका। उसे केवल इतना ही कहा कि पार्क में मास्क लगाकर बैठो। युवक ने गुस्से में लोहे की क्लिप निकालकर महिला कांस्टेबल की नाक पर घूंसा दे मारा। घूंसा इतनी जोर से था कि कांस्टेबल की नाक की हड्डी टूट गई। इसके बाद युवक मौके से भाग गया।

हल्ला मचने पर लोगों ने पीछा कर युवक को धरदबोचा। उसे गलतागेट थाना पुलिस को सौंप दिया। इस हमले में महिला कांस्टेबल की नाक की हड्डी पर गहरी चोट आई है। उसे अस्पताल पहुंचाया गया। कांस्टेबल की तरफ से सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने और मारपीट का केस दर्ज करवाया गया है। पकड़े गए युवक का नाम लोकेश कुमार है। वह गलतागेट इलाके में मंडी खटीकान स्थित पहाडिय़ा चौक का रहने वाला है।

महिला कांस्टेबल से मारपीट का यह पूरा मामला गलता गेट थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड पर ग्रीन वैली पार्क का है। निर्भया स्क्वायड की महिला कांस्टेबल सोनू सोमवार को पार्क के नजदीक ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात थी। उसी समय पार्क में मौजूद एक युवक शोर मचाने लगा।

स्थानीय लोगों ने महिला कांस्टेबल सोनू से शिकायत की। कांस्टेबल सोनू पार्क पहुंची। उसने युवक को मास्क पहनने एवं शोर नहीं मचाने के लिए टोका। तब युवक ने जेब में रखी लोहे की क्लिप से सोनू की नाक पर वार करके उसे घायल कर दिया।