
देश की दिग्गज आईटी कंपनियों में शुमार विप्रो ने कोरोनाकाल में दूसरी बार खुशखबरी दी है। कंपनी ने एक बार फिर सैलरी में बढ़ोतरी की घोषणा की। इस सैलरी बढ़ोतरी का कंपनी के करीब 80 प्रतिशत कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। यह सैलरी बढ़ोतरी 1 सितंबर 2021 से लागू होगी। विप्रो ने कैलेंडर ईयर 2021 में दूसरी बार सैलरी में बढ़ोतरी की है।
कंपनी की घोषणा के मुताबिक, यह सैलरी बढ़ोतरी बैंड3 तक के कर्मचारियों पर लागू होगी। इस बैंड में असिस्टेंट मैनेजर और इससे नीचे के कर्मचारी शामिल हैं। इससे पहले जनवरी 2021 में भी कंपनी ने बैंड3 तक के 80 प्रतिशत कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ोतरी करने की घोषणा की थी।

विप्रो ने आगे कहा कि सी1 बैंड के योग्य कर्मचारियों को जून से बढ़ी हुई सैलरी मिलने लगेगी। इस बैंड में मैनेजर और इससे ऊपर के कर्मचारी शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक, इस बैंड के ऑफशोर कर्मचारियों के लिए औसत बढ़ोतरी हाई सिंगल डिजिट में की गई है।
जबकि ऑनसाइट कर्मचारियों के लिए मिड-सिंगल डिजिट में बढ़ोतरी की गई है। कंपनी ने कहा कि टॉप परफॉर्मर कर्मचारियों को ज्यादा सैलरी बढ़ोतरी के साथ रिवॉर्ड भी दिया जाएगा।