मस्क का बड़ा सुझाव, अंतरिक्ष में बनेंगे एआई डेटा सेंटर
एलन मस्क ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते बिजली खर्च का समाधान अंतरिक्ष में खोजने की बात कही है। उनका सुझाव है कि एआई सर्वर और डेटा सेंटर पृथ्वी की कक्षा में स्थापित किए जाएं। वहां सौर पैनलों से लगातार ऊर्जा मिल सकेगी और पृथ्वी के बिजली नेटवर्क पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सकेगा।
- एलन मस्क ने अंतरिक्ष में एआई सर्वर और डेटा सेंटर स्थापित करने का सुझाव दिया।
- सौर पैनलों से अंतरिक्ष में लगातार बिजली मिलने का दावा किया।
- एआई की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों से पृथ्वी के पावर ग्रिड पर दबाव बढ़ने की आशंका जताई।
Elon Musk Suggests Moving AI Data Centers Into Space : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का विस्तार जितनी तेजी से हो रहा है, उतनी ही तेजी से इसके लिए बिजली की जरूरत भी बढ़ रही है। इसी चुनौती को देखते हुए अमेरिकी उद्यमी एलन मस्क ने एआई सर्वर और डेटा सेंटरों को पृथ्वी से बाहर अंतरिक्ष में स्थापित करने का सुझाव दिया है। उनका मानना है कि भविष्य में बड़े पैमाने पर एआई संचालन के लिए जमीन पर पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना मुश्किल हो सकता है।
निवेशक रॉन बैरन को दिए एक इंटरव्यू में मस्क ने कहा कि यदि एआई के लिए हर साल 200 गीगावाट या टेरावाट स्तर की ऊर्जा क्षमता की जरूरत पूरी करनी है तो अंतरिक्ष की ओर जाना होगा। उनके मुताबिक, पृथ्वी पर इतनी अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराना आसान नहीं होगा।
यह भी पढे: हीरो की नई एक्सट्रीम 125आर लॉन्च, टीएफटी स्क्रीन और स्मार्ट फीचर्स से लैस
मस्क ने बताया कि अमेरिका में बिजली की औसत खपत 500 गीगावाट से कुछ अधिक है। ऐसे में यदि एआई के लिए हर साल 200 गीगावाट अतिरिक्त बिजली की आवश्यकता पड़ती है तो देश के मौजूदा बिजली नेटवर्क की क्षमता में लगभग 40 प्रतिशत सालाना बढ़ोतरी करनी होगी। उन्होंने इसे व्यावहारिक रूप से बेहद कठिन बताया।
मस्क के अनुसार, अंतरिक्ष में लगाए गए सौर पैनलों को लगातार सूर्य की रोशनी मिल सकती है। वहां बादल, मौसम और वायुमंडल जैसी बाधाएं नहीं होंगी। सौर पैनलों को सीधे सूर्य की दिशा में रखकर ऊर्जा उत्पादन भी बढ़ाया जा सकेगा।
उन्होंने दावा किया कि अंतरिक्ष में सौर पैनलों से पृथ्वी की तुलना में करीब 30 प्रतिशत अधिक सौर ऊर्जा प्राप्त हो सकती है। इसके अलावा, वहां रात के समय बिजली की आपूर्ति बनाए रखने के लिए बड़े बैटरी भंडारण की जरूरत भी कम होगी। मस्क का सुझाव भविष्य में एआई उद्योग की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के एक संभावित विकल्प के रूप में सामने आया है।



