हीरो की नई एक्सट्रीम 125आर लॉन्च, टीएफटी स्क्रीन और स्मार्ट फीचर्स से लैस
हीरो मोटोकॉर्प ने स्पोर्टी 125 सीसी बाइक सेगमेंट में नई एक्सट्रीम 125आर स्टील्थ एडिशन पेश की है। इसमें 4.2 इंच की टीएफटी स्क्रीन, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी ने इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.15 लाख रुपए रखी है। बाइक खास मिडनाइट ब्लैक रंग में लाल रंग की आकर्षक झलक के साथ उपलब्ध होगी।
- हीरो एक्सट्रीम 125आर स्टील्थ एडिशन नए टीएफटी डिस्प्ले के साथ लॉन्च।
- टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और दोहरे चैनल एबीएस जैसे फीचर्स।
- कीमत 1.15 लाख रुपए, खास मिडनाइट ब्लैक रंग में मिलेगी बाइक।
Hero Xtreme 125R Stealth Edition Launched : दोपहिया वाहन निर्माता हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी लोकप्रिय एक्सट्रीम 125आर का नया स्टील्थ एडिशन लॉन्च किया है। कंपनी ने इस नए संस्करण में आधुनिक तकनीक, बेहतर सुरक्षा और स्पोर्टी लुक पर खास ध्यान दिया है। बाइक में 4.2 इंच का रंगीन टीएफटी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जो ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ आता है।

इस स्क्रीन के जरिए राइडर को रास्ते की जानकारी, कॉल और एसएमएस अलर्ट के साथ संगीत नियंत्रित करने की सुविधा मिलेगी। इससे सफर के दौरान जरूरी जानकारियां आसानी से देखी जा सकेंगी। कंपनी का कहना है कि नया संस्करण उन युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो बाइक में स्टाइल के साथ आधुनिक तकनीक भी चाहते हैं।
यह भी पढे: जयपुर में सजेगी ‘बिस्मिल की महफिल’, 14 नवंबर को सूफी संगीत की शाम
टायर के दबाव की मिलेगी तुरंत जानकारी
नई एक्सट्रीम 125आर की सबसे खास खूबियों में टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम शामिल है। कंपनी के मुताबिक, स्पोर्टी 125 सीसी मोटरसाइकिल श्रेणी में पहली बार यह सुविधा दी गई है। इसकी मदद से चालक टायर में हवा के दबाव की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। दबाव में कमी होने पर तुरंत चेतावनी भी मिलेगी। इससे अलग-अलग सड़क परिस्थितियों में सुरक्षा और भरोसा बढ़ाने में मदद मिलेगी।
बाइक में दोहरे चैनल वाला एबीएस भी दिया गया है, जो ब्रेक लगाते समय बेहतर नियंत्रण देने में मदद करता है। इसके अलावा बारिश, सामान्य सड़क और स्पोर्ट्स के लिए तीन राइडिंग मोड मिलेंगे। लंबे सफर को आरामदायक बनाने के लिए गति नियंत्रण की सुविधा भी दी गई है।
यह भी पढे: मम्मूट्टी के साथ काम कर भावुक हुईं साई पल्लवी
स्पोर्टी लुक के साथ खास रंग
डिजाइन की बात करें तो नए स्टील्थ एडिशन में रंगीन अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जो बाइक की स्पोर्टी खूबसूरती बढ़ाते हैं। इसका खास मिडनाइट ब्लैक रंग लाल रंग की आकर्षक झलक के साथ आता है। कंपनी ने इसे ऐसे ग्राहकों के लिए पेश किया है, जो दमदार लुक और आधुनिक सुविधाओं वाली 125 सीसी मोटरसाइकिल पसंद करते हैं।
हीरो मोटोकॉर्प की इंडिया बिजनेस यूनिट के मुख्य व्यवसाय अधिकारी आशुतोष वर्मा ने कहा कि युवा ग्राहक अब मोटरसाइकिल में बेहतर प्रदर्शन और डिजाइन के साथ आधुनिक तकनीक भी चाहते हैं। नया स्टील्थ एडिशन इसी जरूरत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
कीमत और उपलब्धता
हीरो एक्सट्रीम 125आर स्टील्थ एडिशन की एक्स-शोरूम कीमत 1,15,000 रुपए रखी गई है। यह देशभर में कंपनी की अधिकृत डीलरशिप पर उपलब्ध होगी।



