दीपावली पर अस्पताल अलर्ट, चिकित्सा कर्मियों की छुट्टियां रद्द

दीपावली के दौरान पटाखों से जलने और आगजनी जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए राजस्थान के सरकारी अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने आपातकालीन सेवाएं और बर्न यूनिट तैयार रखने को कहा है। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के अवकाश भी निरस्त कर दिए गए हैं।

  • दीपावली पर राजस्थान के सरकारी अस्पताल अलर्ट मोड पर रहेंगे।
  • बर्न यूनिट में दवाइयां और उपचार के जरूरी संसाधन उपलब्ध रहेंगे।
  • आपातकालीन सेवाओं से जुड़े चिकित्सा कर्मियों की छुट्टियां रद्द।

Rajasthan Hospitals on Alert During Diwali :  दीपावली के त्योहार पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं और जलने से संबंधित उपचार इकाइयों को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

त्योहार के दौरान पटाखों से जलने, आग लगने और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए अस्पतालों में तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी मरीज को आपात स्थिति में इलाज मिलने में देरी नहीं होनी चाहिए।

यह भी पढे: हीरो की नई एक्सट्रीम 125आर लॉन्च, टीएफटी स्क्रीन और स्मार्ट फीचर्स से लैस

चिकित्सा मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि अस्पतालों की बर्न यूनिट में जरूरी दवाइयां, चिकित्सा उपकरण और उपचार से जुड़े सभी संसाधन उपलब्ध रहें। आपातकालीन विभागों में पर्याप्त चिकित्सक और अन्य चिकित्सा कर्मचारी तैनात किए जाएं, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।

इसके साथ ही आपातकालीन सेवाओं से जुड़े चिकित्सकों और कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। संबंधित चिकित्सा कर्मियों को ड्यूटी पर उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री खींवसर ने कहा कि त्योहार के समय आमजन को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सभी अस्पतालों को अपनी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने साफ किया कि आपातकालीन सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button