शिक्षा और नशामुक्ति से बनेगा मजबूत राष्ट्र: राज्यपाल
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भरतपुर में आयोजित 116 बेटियों के सामूहिक विवाह समारोह में युवाओं को शिक्षा और अच्छे संस्कार देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शादी-ब्याह में दिखावे और फिजूलखर्ची के बजाय बच्चों की पढ़ाई पर धन खर्च करना चाहिए। साथ ही युवाओं को नशे से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
- भरतपुर में 116 बेटियों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित हुआ।
- राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शिक्षा और संस्कारों को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया।
- युवाओं को नशे से दूर रखने और गांव-मोहल्लों को नशामुक्त बनाने की अपील की।
Education and a Drug-Free Society Are Key to Nation Building : युवाओं को अच्छी शिक्षा और संस्कार देना तथा समाज को नशे की बुराई से बचाना आज राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी जरूरत है। शिक्षित और आत्मनिर्भर युवा ही देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। यह बात राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शुक्रवार को भरतपुर जिले के रूपवास क्षेत्र में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में कही।
बोकाली मोड़ स्थित मां केला देवी स्टोन क्रेशर परिसर में आयोजित इस समारोह में 116 बेटियों का विवाह संपन्न हुआ। राज्यपाल ने कार्यक्रम में शामिल होकर नवदंपतियों को सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने बगलामुखी राष्ट्र रक्षा महायज्ञ की पूर्णाहुति में भी भाग लिया।
राज्यपाल ने 116 बेटियों के सामूहिक विवाह आयोजन को सामाजिक एकता, सहयोग और सेवा भावना की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। आयोजकों की सराहना करते हुए उन्होंने विशेष रूप से मुस्कान के पिता के उस फैसले की प्रशंसा की, जिसमें अपनी बेटी का विवाह सामूहिक समारोह में कराकर जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग का संदेश दिया गया।
यह भी पढ़े : राजस्थान पंचायत चुनाव: कहीं नेताओं के परिवार जीते, कहीं दिग्गजों को लगा झटका
शादी में दिखावे के बजाय शिक्षा पर खर्च करें पैसा
राज्यपाल ने कहा कि विवाह भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण संस्कार है। यह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का भी मिलन होता है। इसलिए शादी-विवाह में अनावश्यक खर्च और दिखावे से बचना चाहिए। समारोहों पर होने वाली फिजूलखर्ची को कम कर उस धन का उपयोग बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में किया जा सकता है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बेटे और बेटियों को समान रूप से अच्छी शिक्षा और संस्कार दें। युवा पढ़-लिखकर रोजगार, उद्योग और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ें तथा आत्मनिर्भर बनकर देश के विकास में योगदान दें।
यह भी पढ़े : राजस्थान पंचायत चुनाव: कहीं नेताओं के परिवार जीते, कहीं दिग्गजों को लगा झटका
नशे से युवाओं का भविष्य हो रहा प्रभावित
राज्यपाल ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि नशा उनकी प्रतिभा, क्षमता और भविष्य को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने मादक पदार्थों के जरिए भारतीय युवाओं को कमजोर करने की कोशिशों के प्रति भी सतर्क रहने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों, बुजुर्गों और युवाओं से अपने गांव, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को नशामुक्त बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। परिवारों और सामाजिक संगठनों को भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।
नवदंपतियों को दिया सुखी जीवन का मंत्र
116 नवदंपतियों को वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल ने कहा कि पति-पत्नी के रिश्ते में प्रेम, विश्वास, धैर्य और आपसी समझ सबसे महत्वपूर्ण हैं। दांपत्य जीवन में कभी किसी एक को क्रोध आए तो दूसरे को शांत रहकर परिस्थिति संभालनी चाहिए। इससे परिवार में आपसी प्रेम और सौहार्द बना रहता है। उन्होंने सभी नवदंपतियों के सुखी, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।



