आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जयंती समारोह में प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन
आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने पर आयोजित प्लेटिनम जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों को विकसित भारत के निर्माण में बड़ी भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पांच दशक पहले विरोध के कारण सेमीकंडक्टर कंपनियां भारत छोड़कर चली गई थीं। मोदी ने तकनीकी आत्मनिर्भरता, स्वदेशी उत्पादन और नए लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया।
- मोदी बोले- लाल झंडे के विरोध ने भारत से लौटाईं चिप कंपनियां
- सेमीकंडक्टर कंपनियों की वापसी के लिए वामपंथी विरोध को ठहराया जिम्मेदार
- 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका को बताया अहम
PM Modi Targets Left Over Semiconductor Industry Exit at IIT Kharagpur : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जयंती समारोह में विद्यार्थियों को भविष्य के लिए बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का संकल्प लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने में युवाओं और तकनीकी संस्थानों की भूमिका निर्णायक होगी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में पुराने औद्योगिक विरोध का जिक्र करते हुए वामपंथी दलों पर भी निशाना साधा।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि करीब पांच दशक पहले भारत में सेमीकंडक्टर चिप निर्माण की संभावनाएं बनने लगी थीं और कुछ कंपनियां इस दिशा में आगे भी आई थीं, लेकिन उस समय लाल झंडे के विरोध के चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि इसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ा। हालांकि, देर से शुरुआत के बावजूद आज भारत चिप निर्माण और निर्यात के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।
यह भी पढ़े : दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड्स में ‘धुरंधर’ का जलवा, रणवीर-अक्षय को मिला सम्मान
आईआईटी खड़गपुर के 75 साल पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री ने विशेष स्मारक सिक्के का अनावरण किया। उन्होंने ‘विकसित भारत के 75 स्वर’ पहल के तहत संस्थान के 75 विद्यार्थियों से भी बातचीत की। संवाद के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई, उनके सपनों और देश के विकास में योगदान जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
समारोह को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि आईआईटी खड़गपुर का इतिहास देश की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं से जुड़ा है। इस संस्थान में भारत का अतीत, वर्तमान और आने वाला कल एक साथ दिखाई देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि उनके जीवन के अगले दो दशक बेहद महत्वपूर्ण होंगे। इस दौरान उन्हें केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश के लिए काम करना चाहिए।
यह भी पढ़े : बच्चों की सुरक्षा के लिए 50 स्कूलों में विशेष पहल, 79 शिक्षक हुए प्रशिक्षित
प्रधानमंत्री ने कहा कि संस्थान के विद्यार्थी स्टार्टअप, अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक तकनीक जैसे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐसे युवाओं की जरूरत है, जो चुनौतियों को अवसर में बदल सकें और नए प्रयोग करने से पीछे न हटें।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि करीब पांच दशक पहले गरीबी हटाने का नारा दिया गया था, लेकिन गरीबों की जिंदगी बदलने के लिए जरूरी नीतिगत फैसले नहीं लिए गए। कई योजनाएं कागजों और सरकारी फाइलों तक ही सीमित रह गईं। इसके विपरीत, वर्तमान में शौचालय निर्माण और उज्ज्वला योजना जैसी पहलों के जरिए आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने का प्रयास किया गया है।
प्रधानमंत्री ने देश में उत्पादन क्षमता बढ़ाने और स्वदेशी तकनीक को मजबूत करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि भारत को चिप से लेकर जहाज तक हर क्षेत्र में अपने उत्पाद बनाने की दिशा में आगे बढ़ना होगा। उनका संदेश साफ था कि विकसित भारत का सपना केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि युवाओं के नवाचार, मेहनत और तकनीकी क्षमता से पूरा होगा।



