बच्चों की सुरक्षा के लिए 50 स्कूलों में विशेष पहल, 79 शिक्षक हुए प्रशिक्षित

जयपुर में नालसा के सुरक्षित बचपन अभियान के दूसरे चरण के तहत सरकारी और निजी विद्यालयों के 79 शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य बच्चों को यौन शोषण, साइबर ग्रूमिंग, सेक्सटॉर्शन और ऑनलाइन खतरों से बचाने के प्रति जागरूक करना है। प्रशिक्षित शिक्षक अब अपने विद्यालयों में बाल अधिकारों, पॉक्सो कानून और विधिक सहायता की जानकारी भी देंगे।

  • सुरक्षित बचपन अभियान के दूसरे चरण में जयपुर के 50 विद्यालय शामिल।
  • 79 शिक्षकों को बाल सुरक्षा और पॉक्सो अधिनियम का प्रशिक्षण।
  • साइबर ग्रूमिंग, सेक्सटॉर्शन और ऑनलाइन सुरक्षा पर विशेष जोर।

Safe Childhood Campaign: 79 Teachers Trained in Jaipur : बच्चों को स्कूल और डिजिटल दुनिया में सुरक्षित माहौल देने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की पहल पर सुरक्षित बचपन अभियान के दूसरे चरण में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर-द्वितीय की ओर से शुक्रवार को एडीआर सेंटर जयपुर में चयनित सरकारी और निजी विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया।

इस कार्यक्रम में करीब 50 विद्यालयों के 79 प्रभारी शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इनमें यथासंभव एक पुरुष और एक महिला शिक्षक को प्रत्येक विद्यालय से नामित किया गया था। प्रशिक्षण के बाद ये शिक्षक अपने-अपने स्कूलों में बाल सुरक्षा, पॉक्सो अधिनियम और विधिक साक्षरता से जुड़े विषयों पर जागरूकता फैलाने के लिए रिसोर्स पर्सन की भूमिका निभाएंगे।

यह भी पढ़े : होर्मुज के ऊपर ईरान का बड़ा दावा, 58वां अमेरिकी रीपर ड्रोन गिराया

डीएलएसए मेट्रो-II की सचिव पल्लवी शर्मा ने बताया कि अभियान का मकसद शिक्षकों को बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और संवेदनशील मामलों की समय पर रिपोर्टिंग व निगरानी के लिए तैयार करना है।

प्रशिक्षण के दौरान पॉक्सो एक्ट के विशिष्ट न्यायाधीश विकास कुमार खंडेलवाल ने बच्चों को मिलने वाले कानूनी संरक्षण और बाल-मित्रवत न्यायिक व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों से जुड़े दुर्व्यवहार के मामलों में उनकी पहचान और निजता की गोपनीयता बनाए रखना कानूनन अनिवार्य है।

बाल कल्याण समिति की कार्यवाहक अध्यक्ष शांति भटनागर ने बताया कि संरक्षण की जरूरत वाले बच्चों के मामलों में बाल कल्याण समिति, पुलिस, विशेष किशोर पुलिस इकाई और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच त्वरित समन्वय बेहद जरूरी है।

यह भी पढ़े : सोने में मिलावट की खबरों से न घबराएं ग्राहक, GJC ने ज्वैलर्स को दी सतर्क रहने की सलाह

वहीं, बाल परामर्शदाता डॉ. पूनम गर्ग ने शिक्षकों को बच्चों से उनकी उम्र के अनुरूप संवाद करने, सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान कराने तथा शारीरिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर संवेदनशील तरीके से बात करने के व्यावहारिक तरीके बताए।

कार्यक्रम में बच्चों की डिजिटल सुरक्षा को भी प्रमुखता दी गई। शिक्षकों को साइबर ग्रूमिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न, तकनीक के जरिए होने वाले अपराधों और सेक्सटॉर्शन जैसे खतरों के प्रति सतर्क रहने के उपाय समझाए गए। आयोजकों का मानना है कि प्रशिक्षित शिक्षक स्कूलों में बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में समय रहते मदद पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकेंगे।

Related Articles

Back to top button