महात्मा गांधी मेडिकल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत में 313 विद्यार्थियों को डिग्री, 6 स्वर्ण पदक प्रदान
महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी, जयपुर के 9वें दीक्षांत समारोह के पहले दिन 313 विद्यार्थियों को स्नातक उपाधियां प्रदान की गईं। समारोह में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डिग्री हासिल करना जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन इसके साथ नए दायित्वों की शुरुआत भी होती है। चिकित्सा क्षेत्र में सेवा, संवेदनशीलता और कार्यक्षमता ही पेशेवर पहचान बनाएगी। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदकों से भी सम्मानित किया गया।
- महात्मा गांधी मेडिकल यूनिवर्सिटी के 9वें दीक्षांत समारोह में 313 विद्यार्थियों को डिग्री।
- मेधावी विद्यार्थियों को 6 स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
- उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने चिकित्सा क्षेत्र में सेवा और संवेदनशीलता को सफलता का आधार बताया।
313 Graduates Honoured at MGUMST Convocation in Jaipur : दीक्षांत समारोह के प्रथम दिवस पर मेडिकल, डेंटल, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन, फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी और नर्सिंग सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि विद्यार्थियों की वास्तविक पहचान उनकी सेवा भावना, संवेदनशीलता और कार्यक्षमता से बनेगी।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के हित में करने तथा चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह की विशिष्ट अतिथि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री ए. राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, निवारक एवं सुरक्षात्मक स्वास्थ्य प्रयासों और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है।
यह भी पढ़े : ब्रज यात्रा पर गोवर्धन पहुंचे अनंत अंबानी, गिरिराज महाराज के दर्शन कर लिया आशीर्वाद
उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से कमजोर वर्गों को प्राथमिकता देते हुए संतोषजनक स्वास्थ्य सेवाएं देना ही वास्तविक सफलता है।
प्रख्यात न्यूरोसर्जन डॉ. भवानी शंकर शर्मा समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन-कम-चांसलर डॉ. विकास चंद्र स्वर्णकार ने की।
विश्वविद्यालय के संस्थापक डॉ. एम.एल. स्वर्णकार ने कहा कि दीक्षांत समारोह ज्ञान के उत्सव और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आदर्शों से समझौता नहीं करने तथा मरीजों के सम्मान और उनकी जरूरतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
यह भी पढ़े : जेएलएन मार्ग को जाम से मिलेगी राहत, मुख्य सचिव ने विकास कार्यों का लिया जायजा
डॉ. विकास चंद्र स्वर्णकार ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि संस्थान को नैक ए-प्लस रैंक प्राप्त है। विश्वविद्यालय जेसीआई, एनएबीएच, एनएबीएल और नर्सिंग एक्सीलेंस जैसे मानकों से भी अधिस्वीकृत है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य दक्ष, संवेदनशील और जिम्मेदार युवा स्वास्थ्य पेशेवर तैयार करना है।
दीक्षांत समारोह में एमबीबीएस के 139, बीएचए के 19, बीडीएस के 53, बीपीटी के 66, बीओटी के 19 तथा अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों के 17 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।
वर्षों की मेहनत और अनुशासन के बाद डिग्री हासिल करने का क्षण विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए भावुक और गौरवपूर्ण रहा। यह समारोह विद्यार्थियों के शैक्षणिक सफर का महत्वपूर्ण पड़ाव होने के साथ उनके पेशेवर जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक बना।



