जेएलएन मार्ग को जाम से मिलेगी राहत, मुख्य सचिव ने विकास कार्यों का लिया जायजा
राजधानी जयपुर के व्यस्त जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) मार्ग पर ट्रैफिक जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की ओर से चल रहे सड़क विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधुनिक यातायात व्यवस्था के अनुरूप सभी काम तय समय में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
- मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने जेएलएन मार्ग के विकास कार्यों का किया निरीक्षण।
- ग्रेड सेपरेटर, रोटरी, यू-टर्न और पैदल यात्री क्रॉसिंग से सुधरेगा ट्रैफिक।
- जाम से स्थायी राहत के साथ सड़क सौंदर्यीकरण और लैंडस्केपिंग पर जोर।
Jaipur JLN Marg Revamp to Focus on Traffic Relief : निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने जेएलएन मार्ग के अलग-अलग हिस्सों का जायजा लिया। उन्होंने प्रस्तावित पैदल यात्री क्रॉसिंग, ग्रेड सेपरेटर, रोटरी और यू-टर्न जैसे कार्यों की जानकारी ली। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य सड़क पर यातायात का दबाव कम करने के साथ आवागमन को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।
मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री की आधुनिक और ट्रैफिक जाम से मुक्त जयपुर की परिकल्पना को धरातल पर उतारने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें। सड़क विकास के साथ सौंदर्यीकरण और लैंडस्केपिंग को भी प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने बताया कि स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) के परामर्श से तैयार पुनर्विकास योजना में शहरी यातायात के सभी पहलुओं को ध्यान में रखा गया है। इसमें पैदल चलने वालों, गैर-मोटर चालित परिवहन और वाहनों की आवाजाही के बीच संतुलन बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
यह भी पढ़े : साइबर अपराधियों पर शिकंजे की तैयारी, 35 टीमें बनाएंगी नए तकनीकी हथियार
इससे सड़क का इस्तेमाल करने वाले सभी लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण और पुनर्विकास के दौरान सड़क सुरक्षा तथा आम नागरिकों की सुविधा से कोई समझौता नहीं हो। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग करने और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवासन आलोक गुप्ता, जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन सहित वरिष्ठ अभियंता और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



