
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस से बातचीत की। यह बातचीत हैरिस की पहल पर हुई। बातचीत के दौरान दोनों देशों के रिश्ते मजबूत करने पर विचार हुआ। इस दौरान मोदी ने कोरोना के हालात सुधरने पर हैरिस को भारत आने का न्योता भी दिया।
बातचीत के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा- कुछ देर पहले अमेरिकी वाइस प्रेसिडेंट कमला हैरिस से बातचीत की। अमेरिका ग्लोबल वैक्सीन शेयरिंग के जरिए जो वैक्सीन भारत को दे रहा है, उसकी मैंने सराहना की।
महामारी के दौर में अमेरिकी सरकार, कार्पोरेट सेक्टर और वहां बसे भारतीयों ने जो मदद की है, उसके लिए शुक्रिया अदा किया। हमने भारत और अमेरिका के बीच वैक्सीन कोऑपरेशन पर भी विचार किया। कोविड-19 के बाद ग्लोबल हेल्थ और इकोनॉमिक रिकवरी पर भी बातचीत हुई।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान वैक्सीन डोनेशन पर अहम ऐलान किया। बाइडेन ने कहा- अमेरिका अब 8 करोड़ वैक्सीन डोज डोनेट करेगा।
इनमें से 1.9 करोड़ डोज ग्लोबल चेन कोवेक्स के जरिए दुनियाभर में भेजे जाएंगे। करीब 60 लाख डोज लैटिन अमेरिका और कैरेबियाई देशों को जाएंगे। इसके अलावा करीब 70 लाख डोज साउथ और साउथ-ईस्ट एशिया को दिए जाएंगे। 50 लाख डोज अफ्रीकी देशों को भेजे जाएंगे।