मुख्यमंत्री ने अभिनेता इरफान खान के निधन पर दुःख व्यक्त किया

अशोक गहलोत,ashok gehlot
अशोक गहलोत,ashok gehlot

मशहूर अभिनेता इरफान खान के असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता इरफान खान के असामयिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। गहलोत ने अपने संवेदना संदेश में कहा कि राजस्थान के निवासी इरफान बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे।

रंगकर्मी के रूप में अपने करियर की शुरूआत कर उन्होंने अभिनय के क्षेत्र में ऊंचाइयों को छुआ। एक अभिनेता के रूप में सिनेमा जगत को दिए गए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके निधन से प्रदेश को भी एक अपूरणीय क्षति हुई है।

मुख्यमंत्री ने मरहूम की मगफिरत और उनकी रूह को जन्नतुल फिरदौस में आला मुकाम अता करने की दुआ की। उन्होंने परवरदिगार से इल्तज़ा की कि मरहूम के परिजनों और उनके प्रशंसकों को यह सदमा सहन करने की ताकत दे और उन्हें सब्र-ए-जमील अता फरमाए। 

पायलट ने गहरा दुःख व्यक्त किया

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता इरफान खान के असामयिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।

पायलट ने कहा कि स्व. खान के निधन से सिनेमा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। टोंक (राजस्थान) के निवासी इरफान खान बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने अपने दमदार अभिनय एवं आकर्षक संवाद अदायगी से दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी है।

पायलट ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा उनके परिजनों के साथ ही उनके प्रशंसकों को यह आघात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।